MP News: विजय शाह के विरोध में राज्यपाल से मिले कांग्रेस विधायक, अभियोजन की मंजूरी की मांग
MP News: कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति के लिए राज्यपाल से मुलाकात की।
MP News: कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताने वाला बयान देने वाले मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी न देने के प्रस्ताव के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस विधायक राज्यपाल से मिले। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधायक आरिफ मसूद और सुरेश राजे के साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल को ज्ञापन देकर कैबिनेट के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की और उन्हें ज्ञापन दिया।
राज्यपाल से की अभियोजन की मंजूरी देने की मांग
कांग्रेस विधायक दल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता और संवैधानिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी जाए। कांग्रेस का कहना है कि पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
यह सिर्फ एक महिला का नहीं, सेना और देश का अपमान
राज्यपाल से मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दूसरों को देशभक्ति का प्रमाण देने वाली भाजपा राष्ट्र का अपमान करने से पीछे नहीं हटी। कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सेना, महिला और देश का अपमान है। सिंघार ने कहा कि सरकार अपनी बदनामी से बचने के लिए राज्यपाल को बीच में ला रही है। अगर गलती सरकार की है तो राज्यपाल को बीच में क्यों लाया जा रहा है? उन्होंने सवाल उठाया कि जब विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति देने और उन्हें मंत्री पद से हटाने का अधिकार सरकार के पास है, तो मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार ने अब तक ऐसा क्यों नहीं किया।
देश की बेटी के अपमान पर सरकार क्यों चुप ?
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की बात करती है, लेकिन मध्य प्रदेश की बेटी और देश की बेटी का अपमान होने के बावजूद पूरी सरकार और भाजपा के नेता चुप हैं। सिंघार ने कहा कि एक महिला अधिकारी का अपमान हुआ है और इसके बावजूद सरकार ने चुप्पी साध रखी है। यह पूरे देश का अपमान है।
राज्यपाल ने दिया पुनर्विचार का भरोसा
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि वे इस मामले में पुनर्विचार करें और सरकार को मंत्री के खिलाफ केस चलाने के निर्देश दें। सिंघार ने बताया कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वे मामले में पुनर्विचार करेंगे और सरकार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्यपाल इस मामले में उचित निर्णय लेंगे।
क्या भाजपा की सरकार कोर्ट से बड़ी हो गई है?
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए सिंघार ने सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकार कोर्ट के आदेश की भी परवाह नहीं करती है तो क्या भाजपा की सरकार कोर्ट से बड़ी हो गई है? क्या वह सर्वोच्च न्यायालय से भी बड़ी हो गई है? उन्होंने कहा कि इस सवाल को वह देश और विदेश की जनता के सामने छोड़ रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि विजय शाह के विवादित बयान के मामले में सरकार ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अभियोजन की मंजूरी के प्रस्ताव को मंजूरी देकर मामले को राज्यपाल के पाले में डाल दिया है। पार्टी अब राज्यपाल से इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग कर रही है।
