Balaram Krishi Mahotsav : खेती की नई तकनीकें बढ़ाएंगी किसानों की आय! CM यादव ने की कई बड़ी घोषणाएं
Balaram Krishi Mahotsav : मुख्यमंत्री ने बताया कि मूंग उत्पादक किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन की पात्रता सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है।

Balaram Krishi Mahotsav : बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती की नई तकनीकें किसानों की आय बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने सोमवार को बैतूल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बागवानी और कृषि उत्पादन में मध्यप्रदेश की बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में बागवानी फसलों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को देश का पहला पुरस्कार मिला है। उन्होंने बैतूल जिले की उपजाऊ भूमि, प्राकृतिक संपदा और किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जिले ने मक्का उत्पादन में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि बैतूल के किसान गेहूं, धान, मक्का और श्रीअन्न जैसी फसलों का बेहतर उत्पादन कर प्रदेश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं।
किसानों के हित में सरकार की बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मूंग उत्पादक किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन की पात्रता सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त और मूंग खरीदी की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बोनस के साथ रिकॉर्ड गेहूं खरीदा गया है। धान उत्पादकों को 4 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता और कोदो-कुटकी किसानों को एक हजार रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है।
सिंचाई और कृषि ढांचे को मिलेगा नया विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल सहित पूरे क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार के साथ तापी बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना का समझौता किया गया है, जिससे बैतूल, बुरहानपुर और खंडवा जिले में सिंचाई क्षमता और भूजल संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार खेत से बाजार तक पूरी कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग और कृषि निर्यात को भी बढ़ावा दे रही है।