Datia By-election Results : कार्यकर्ता को बलि का बकरा नहीं बनाया जा सकता, दतिया उपचुनाव में हार के बाद बोले आशुतोष तिवारी
Datia By-election Results : आशुतोष तिवारी ने कहा कि जो लोग भाजपा को अपनी मां कहते हैं, उन्होंने ही पार्टी के साथ विश्वासघात किया। हार की पूरी समीक्षा की जाएगी और संगठन उचित निर्णय लेगा।
Datia By-election Results : मध्य प्रदेश। दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को बलि का बकरा बनाने की हैसियत किसी की नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पहचान केवल एक व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाता है और उन्होंने भी प्रत्याशी के रूप में अपना दायित्व पूरी निष्ठा से निभाया है। कुछ मुद्दों पर वह उचित समय और उचित मंच पर अपनी बात रखेंगे।
भीतरघात के आरोप और समीक्षा की बात
आशुतोष तिवारी ने कहा कि चुनाव में भीतरघात हुआ या नहीं, इसकी जानकारी वह पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दे चुके हैं। अब आगे क्या कार्रवाई होगी, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा को अपनी मां कहते हैं, उन्होंने ही पार्टी के साथ विश्वासघात किया। हार की पूरी समीक्षा की जाएगी और संगठन उचित निर्णय लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यकर्ता को हार का अकेला जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
दतिया की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का जताया आभार
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि वह भविष्य में भी एक साधारण कार्यकर्ता की तरह पार्टी और जनता के बीच सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि दतिया धार्मिक और आस्था की नगरी है, इसलिए यहां अनावश्यक विवाद या अटकलों की जगह जनसेवा और सकारात्मक सोच को महत्व देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वह पहले की तरह लोगों के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने का काम करते रहेंगे।
कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार दर्ज की जीत
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से हराया। मतगणना के शुरुआती दौर में कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बनाई थी। नौवें राउंड तक यह बढ़त 9519 वोटों तक पहुंच गई थी। बाद के चरणों में भाजपा ने अंतर कम किया, लेकिन अंतिम परिणाम में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान ईवीएम रखने के स्थान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के एजेंटों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, जिसे पुलिस ने शांत करा दिया।
सीट खाली होने के बाद हुआ था उपचुनाव
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कराया। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराया था। उपचुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता का भरोसा बताया और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने दतिया के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
