पंजाब में अमित शाह की रैली को बम से उड़ाने की धमकी, सामने आया ईमेल, हाई अलर्ट पर पुलिस-सुरक्षा एजेंसियां
अमित शाह की जालंधर रैली से पहले धमकी भरा ईमेल मिला है। रैली, स्कूलों और देवी तालाब मंदिर समेत कई जगहों को निशाना बनाने का दावा किया गया।
Amit Shah Bomb Threat: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आज जालंधर में होने वाली रैली से पहले बम से उड़ाने की धमकी का मामला सामने आया है। सुबह करीब 7:07 बजे एक ई-मेल भेजा गया। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली, स्कूलों, देवी तालाब मंदिर और बसों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में रैली स्थल के नीचे आईईडी लगाए जाने का दावा भी किया गया है। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
रैली और कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी
ई-मेल में जालंधर के स्कूलों में सुबह 11:11 बजे, श्री देवी तालाब मंदिर में दोपहर 12:11 बजे, कोर्ट परिसर में 2:11 बजे और एक कार्यालय में 3:11 बजे धमाका करने की धमकी का जिक्र है। धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि जालंधर में अमित शाह की रैली के स्टेज के नीचे IED लगाया गया है। इसके अलावा रैली में लोगों को लाने वाली 2,000 बसों में से 2-3 बसों में बम होने की बात भी कही गई है।
यह धमकी भरा मेल कैंब्रिज गर्ल्स स्कूल (अर्बन एस्टेट), कैंब्रिज इनोवेटिव स्कूल और एमजीएम स्कूल समेत कई अन्य शैक्षणिक संस्थानों को प्राप्त हुआ है। मेल में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि इस आयोजन के दौरान किसी भी बच्चे को न भेजा जाए।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दौरे से ठीक पहले आए इस तरह के धमकी भरे संदेश को पुलिस और जांच एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं। साइबर टीम को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है ताकि ईमेल के आईपी एड्रेस और इसे भेजने वाले की पहचान की जा सके। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और मंदिर परिसर में बम निरोधक दस्तों की मदद से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।






