ट्विशा मर्डर केस में SC का बड़ा फैसला: भोपाल ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर लगाई रोक, सास गिरबाला और पति समर्थ को नोटिस
ट्विशा शर्मा मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट ने भोपाल में चल रही ट्रायल कार्यवाही पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने CBI, पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जवाब मांगा है।

Twisha Sharma Murder Case: ट्विशा शर्मा मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। आरोपियों के खिलाफ भोपाल कोर्ट में चल रहे ट्रायल पर रोक लगा दी गई है। यह रोक सुप्रीम कोर्ट के अगले आदेश तक रहेगी। ट्विशा के पिता ने केस को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग की है और उनकी इस मांग को लेकर ही 16 अक्टूबर को सुनवाई हुई। ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में शक जताया था कि भोपाल में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और उनके पति समर्थ सिंह केस को प्रभावित कर सकते हैं। कोर्ट ने सीबीआई और आरोपियों को नोटिस जारी किया है।
याचिका में क्या कहा गया है?
याचिकाकर्ता नवनिधि शर्मा ने आशंका जताई है कि इस मामले में सबूतों को आरोपी ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह द्वारा प्रभावित किया जा सकता है। यह चिंता मुख्य रूप से इस बात से पैदा होती है कि गिरिबाला उसी भोपाल सेशंस डिवीजन से ‘प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज’ के पद से रिटायर हुई हैं, जहां अब उनके खिलाफ मुकदमा चलना है।
ट्विशा की मौत के समय, गिरिबाला भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग (डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन) की अध्यक्ष थीं। 25 जुलाई को उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज करते हुए, भोपाल के एक सेशंस जज ने टिप्पणी की थी कि सबूतों को प्रभावित किए जाने का डर “बेबुनियाद नहीं माना जा सकता”।
गिरिबाला सिंह को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में CBI, आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने प्रतिवादियों से दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। नवनीधि शर्मा ने याचिका में मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित सेशंस कोर्ट से दिल्ली की सक्षम अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की है। याचिका में निष्पक्ष और स्वतंत्र सुनवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
जमानत पर हाईकोर्ट में हो सकती है सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने गिरिबाला सिंह की जमानत अर्जी पर जबलपुर स्थित मप्र हाईकोर्ट में सुनवाई की अनुमति भी दी है। ऐसे में अब हाईकोर्ट उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई कर सकता है।
12 मई को ससुराल में फंदे पर मिली थीं ट्विशा
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 को भोपाल स्थित अपनी ससुराल में फंदे पर मिली थीं। उनकी शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। मौत के बाद परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। शुरुआती केस में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु, क्रूरता और दहेज प्रतिषेध कानून की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।


