अतीक का गढ़ कसारी-मसारी अब 'कृष्णपुरी' होगा, CM योगी ने नाम बदलने का किया ऐलान
कार्यक्रम में शहर पश्चिमी से बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी कसारी-मसारी का नाम भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर रखने की मांग उठाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इलाके का नाम कृष्णपुरी रखने की घोषणा की।
Kasari Masari To Be Renamed Krishnapuri: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कसारी-मसारी इलाके को अब कृष्णपुरी के नाम से पहचान देने का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को एक कार्यक्रम के दौरान इलाके का नाम बदलने की घोषणा की। यह कार्यक्रम उस जमीन पर गरीब परिवारों के लिए आवास बनाने की योजना से जुड़ा था, जिसे माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराया गया था।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद इलाके के नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कार्यक्रम में शहर पश्चिमी से बीजेपी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी कसारी-मसारी का नाम भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर रखने की मांग उठाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इलाके का नाम कृष्णपुरी रखने की घोषणा की।
क्यों बदला गया कसारी-मसारी का नाम?
कार्यक्रम के दौरान सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि कसारी-मसारी नाम सुनने पर लोगों को कसाइयों के इलाके का अहसास होता है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में नंद सेक्टर, गोवर्धन सेक्टर और यमुना कुंज जैसी कॉलोनियां भी हैं। ऐसे में इलाके का नाम भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा होना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मांग पर नाम बदलने का ऐलान किया।
https://x.com/myogiadityanath/status/2110697890721239498?s=20
अतीक अहमद से मुक्त कराई जमीन पर बनेंगे 602 फ्लैट
कसारी-मसारी में कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पद्मलोक आवासीय योजना की शुरुआत करना था। इस परियोजना के तहत करीब 9,811 वर्ग मीटर जमीन पर 14 मंजिला इमारत बनाई जाएगी। इसमें कुल 602 फ्लैट तैयार किए जाने की योजना है।
यह जमीन पहले माफिया अतीक अहमद और उसके सहयोगियों के कब्जे में थी। प्रशासन ने इसे कब्जे से मुक्त कराया था। अब इसी जमीन पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को घर उपलब्ध कराने की तैयारी है। परियोजना को प्रयागराज विकास प्राधिकरण पूरा करेगा। प्रस्तावित फ्लैट दो बेडरूम, हॉल और किचन वाले होंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल करीब 56.45 वर्ग मीटर बताया गया है। इस योजना से शहर में आवास की जरूरत पूरी करने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
योगी ने कानून-व्यवस्था का भी किया जिक्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना है। उनके मुताबिक, पहले जिन जमीनों पर दबंगों का कब्जा था, अब उनका इस्तेमाल आम लोगों के हित में किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित माहौल विकास और रोजगार के लिए जरूरी है। उन्होंने प्रयागराज में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कृष्णपुरी की नई पहचान पर नजर
कसारी-मसारी का नाम कृष्णपुरी रखने की घोषणा के साथ ही इस इलाके को नई पहचान देने की पहल सामने आई है। अब यहां आवासीय परियोजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को घर देने की योजना भी आगे बढ़ेगी।



