MP का 71वां स्थापना दिवस : 'अल्लाह दुहाई है' से लेकर 'लड़की आंख मारे'... मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति पर झूमी ऑडियंस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने पाकिस्तान में तीन बार घुसकर आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया है। देश के वीर जवानों ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने घोषणा की कि 15 जनवरी को भोपाल में सेना दिवस का बड़ा आयोजन होगा।
MP News: मध्य प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया गया। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में संगीत, देशभक्ति और प्रदेश की उपलब्धियों का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति रही। उनके गानों पर दर्शक देर तक झूमते रहे।
'अल्लाह दुहाई है' से लेकर 'लड़की आंख मारे'
मोनाली ठाकुर ने मंच पर आते ही अपने लोकप्रिय गानों से माहौल बना दिया। उन्होंने 'अल्लाह दुहाई है', 'बलम पिचकारी' और 'लड़की आंख मारे' जैसे गाने गाए। 'ओ गाड़ा करे' गाते हुए वह मंच से नीचे उतरकर दर्शकों के बीच पहुंच गईं। उन्होंने 'दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी' गाने के बोल बदलकर 'दिल ले गई कुड़ी भोपाल दी' कर दिए। इस पर मैदान में मौजूद लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया और कुर्सियों के कवर हवा में उछालकर खुशी जताई।
CM बोले- भारत ने पाकिस्तान को तीन बार जवाब दिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने पाकिस्तान में तीन बार घुसकर आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया है। देश के वीर जवानों ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने घोषणा की कि 15 जनवरी को भोपाल में सेना दिवस का बड़ा आयोजन होगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को इस मामले में पहले नंबर पर लाना है। उन्होंने प्रदेश में उद्योग, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में हो रहे कामों का भी जिक्र किया।
किसानों और विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार
समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पाने वाले संदीप वर्मा को ट्रैक्टर दिया गया, जिसकी कीमत 7.26 लाख रुपए बताई गई। दूसरे स्थान पर रहीं सुहानी राजपूत को बुलेट मोटरसाइकिल और तीसरे विजेता समीर गौड़ को ई-स्कूटी मिली। वहीं, छात्रा अक्षरा गोस्वामी को एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी गई। प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भी एक-एक लाख रुपए की सम्मान राशि मिली।
पार्किंग और बैठने की व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन कुछ दर्शकों को पार्किंग के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। बैठने और मंच दिखाई देने की व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने अपनी राय रखी। एक युवक ने कहा कि VIP और आम दर्शकों के लिए समान सुविधाएं होनी चाहिए। सभी को साथ बैठकर कार्यक्रम देखने का मौका मिलना चाहिए। लोगों ने व्यवस्था को अच्छा बताया, लेकिन उनका सुझाव था कि आम लोगों को मंच ठीक से दिखाई दे, इसके लिए मंच ऊंचा या रेलिंग नीची होनी चाहिए।
मंडला में मंत्री ने खेली कबड्डी
स्थापना दिवस पर दूसरे जिलों में भी अलग-अलग आयोजन हुए। मंडला में मंत्री संपतिया उइके ने साड़ी का पल्लू बांधकर ग्रामीण महिलाओं के साथ कबड्डी खेली। उन्होंने छात्रावास की बच्चियों के साथ डांस भी किया। यहां ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट संधान शुरू किया गया। बुरहानपुर में आदिवासी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। झाबुआ, मंदसौर, मैहर और आलीराजपुर में भी सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
-1.jpeg&w=3840&q=75)


