इंदौर में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा आज, CM मोहन यादव समेत कई नेता होंगे शामिल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
MP News: इंदौर में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाल रही है। यह आयोजन केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रखा गया है। भाजपा ने इसमें व्यापारियों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों को भी जोड़ने की तैयारी की है।
पार्टी के तय कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा सुबह 10 बजे सुभाष नगर चौराहे से शुरू होगी। यहां से मार्च एलआईजी चौराहे के रास्ते पाटनीपुरा चौराहे तक पहुंचेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
250 से ज्यादा सामाजिक संगठनों से संपर्क
पदयात्रा में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने शहर में व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया है। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के मुताबिक, अब तक 250 से ज्यादा सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं।
इन बैठकों में व्यापारी संगठन, उद्योगपति, शैक्षणिक संस्थान, खेल संगठन, एनजीओ और अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई है। पार्टी की कोशिश है कि पदयात्रा में लोग केवल भाजपा के झंडे के साथ नहीं, बल्कि अपने-अपने संगठनों के बैनर लेकर भी शामिल हों।
'देश के टुकड़े करने की बात कोई कैसे कर सकता है'
पदयात्रा से पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने देश में अराजकता फैलाने की कोशिशों और देश के खिलाफ लगाए जाने वाले नारों पर सवाल उठाए।
विजयवर्गीय ने कहा कि भारत की आजादी के लिए पूर्वजों ने बलिदान दिया है। ऐसे में कोई देश के टुकड़े करने की बात कैसे कर सकता है। उन्होंने बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता मजबूत रखनी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों, उद्योगपतियों और समाज के अलग-अलग वर्गों से भी इस अभियान में भाग लेने की अपील की। ये विजयवर्गीय के राजनीतिक विचार और आरोप हैं।
SIR विवाद के बीच भाजपा का अभियान
भाजपा की इस पदयात्रा का एक बड़ा मुद्दा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR भी है। विपक्षी दलों ने SIR की प्रक्रिया और चुनाव व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से गलत जानकारी फैलाई जा रही है।
भाजपा इस अभियान के जरिए लोगों को SIR और चुनाव प्रक्रिया के बारे में अपनी बात बताना चाहती है। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इसके साथ ही जिला और विधानसभा स्तर पर भी पदयात्राएं निकालने की योजना है।
जबलपुर और भोपाल में भी होंगे कार्यक्रम
इंदौर की पदयात्रा के बाद भाजपा जबलपुर और भोपाल में भी बड़े आयोजन करेगी। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, जबलपुर में 3 नवंबर को दोपहर 3 बजे और भोपाल में 4 नवंबर को सुबह 10 बजे पदयात्रा निकाली जाएगी।
इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव तथा पीयूष गोयल को भी इन आयोजनों में आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आई है। भाजपा का यह अभियान 5 नवंबर तक चलेगा।



