Himachal murder case: हिमाचल प्रदेश। जिस महिला ने सात फेरे लेकर साथ निभाने का वादा किया, उसी ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। हिमाचल प्रदेश के सोलन में पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।
वारदात के बाद दोनों ने मामले को छिपाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अगले ही दिन पूरा सच सामने आ गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
Aakriti Case Update: क्या दूसरी मंजिल से कूदने पर मौत होगी? मरने से पहले आकृति ने गूगल पर किया सर्च
फेमिली फंक्शन में हुआ था विवाद
रिपोर्ट्स बताती हैं कि 4 जुलाई को रात में मृतक के घर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद इतना बढ़ गया कि महिला और उसके कथित प्रेमी ने धारदार हथियार से व्यक्ति पर हमला कर दिया। जिसके बाद गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को झाड़ियों में फेंका
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे। हालांकि, 5 जुलाई की सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।
पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार
सोलन के पुलिस अधीक्षक टी.एस.डी. वर्मा ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह?
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय पहले नेपाल चली गई थी और बाद में वापस लौट आई थी। दंपती की एक छोटी बेटी भी है।
पुलिस को आशंका है कि कथित प्रेम संबंध इस हत्या की बड़ी वजह हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है