Aakriti Case Update: दिल्ली। राजधानी में हुए आकृति मौत मामले में पेचीदगियां बढ़ती जा रही हैं। मामले को लेकर पुलिस ने महिला के पति अरस्तु सिक्का को हिरासत में लिया है। लेकिन अब इस मामले ने एक और नया मोड़ लेलिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार ने पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अप्रैल में हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, आकृति और अरस्तु सिक्का की 24 अप्रैल को लव मैरिज हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। परिजनों का आरोप है कि अरस्तु आकृति के साथ मारपीट करता था और उसे ताने देता था कि वह शादी में अपने मायके से कुछ लेकर नहीं आई।
नौकरी छोड़ने का दबाव बना रहा था पति
आकृति के परिवार का कहना है कि उसका पति उसपर जबरन नौकरी छोड़ने का दबाव बना रहा था। इसी कारण वह कुछ समय ऑफिस भी नहीं जा रही थी। बाद में उसने 1 जुलाई से दोबारा नौकरी शुरू की थी। जिस दिन उसकी मौत हुई, उसी दिन उसने अपने सहकर्मियों को शादी की पार्टी भी दी थी।
दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो सकती है क्या?
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि आकृति लोधी कॉलोनी स्थित पालिका कुंज परिसर में अकेले पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज में भी वह अकेली दिखाई दे रही है।
जांच में यह भी पता चला कि उसने घटना वाले दिन दोपहर में इंटरनेट पर ‘दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो सकती है क्या?’ जैसी जानकारी सर्च की थी। पुलिस को उसकी पुरानी सर्च हिस्ट्री में भी मौत से जुड़े कईं और सर्च भी मिले जिनकी जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
परिवार वालों ने उठाए सवाल
आकृति के परिवार का कहना है कि उसका लोधी कॉलोनी स्थित आवासीय परिसर से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि वह वहां कैसे पहुंची। परिवार के मुताबिक, शनिवार शाम आकृति ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह घर के पास मेट्रो स्टेशन पहुंच गई है, लेकिन कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया। इसके बाद रात में उसकी मौत की खबर मिली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों तथा अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।