West Bengal Rajya Sabha Bypoll: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 24 जुलाई को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। इसके अलावा गुजरात की मंझलपुर, बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराने का कार्यक्रम जारी किया गया है।
24 जुलाई को मतदान, उसी दिन आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों के लिए 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, जबकि 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 17 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और शाम 5 बजे मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।
किन सांसदों के इस्तीफे से खाली हुईं सीटें?
ये तीनों सीटें तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। सबसे पहले 8 जून को वरिष्ठ सांसद शुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया। इसके बाद 10 जून को सुष्मिता देव ने निजी कारणों से पद छोड़ा और 11 जून को प्रकाश चिक बराइक ने भी इस्तीफा दे दिया। शुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक का कार्यकाल अगस्त 2029 तक, जबकि सुष्मिता देव का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था।

गुजरात की मंझलपुर सीट पर भी होगा उपचुनाव
चुनाव आयोग ने गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया है। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी। यहां 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, 14 जुलाई को जांच होगी और 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 30 जुलाई को मतदान होगा और 4 अगस्त तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
Project Cheetah: कूनो को मिलेगी नई सौगात! दक्षिण अफ्रीका से आएंगे 6-8 और चीते, जानिए पूरी खबर
बिहार और मध्य प्रदेश में भी होंगे उपचुनाव
आयोग ने बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराने की घोषणा की है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत जारी अधिसूचना के अनुसार इन सीटों पर भी तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे।
चुनावी तैयारियां तेज
उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी प्रमुख दल उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। खासकर पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों और गुजरात की मंझलपुर सीट पर मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना है।