CJP on PM Modi Announcement : सबसे जरूरी है शिक्षा मंत्री का इस्तीफा... PM मोदी के ऐलान पर बोली CJP
CJP on PM Modi Announcement : CJP का कहना है कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में जवाबदेही तय किए बिना केवल नई व्यवस्था लागू करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।
CJP on PM Modi Announcement : नई दिल्ली। पेपर लीक मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के ऐलान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। सरकार जहां इस फैसले को छात्रों के हित में बड़ा कदम बता रही है, वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। दोनों दलों का कहना है कि केवल नए ऐलान पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इस मामले में जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
CJP ने दोहराई इस्तीफे की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने प्रधानमंत्री की पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा।
CJP का कहना है कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में जवाबदेही तय किए बिना केवल नई व्यवस्था लागू करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इससे पहले भी पार्टी लगातार शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग उठाती रही है।
संसद मार्च के बाद तेज हुई सियासत
पेपर लीक के मुद्दे पर सोमवार को CJP के बैनर तले संसद तक पैदल मार्च निकाला गया था। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और मामला हिंसक हो गया। इसके बाद यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक हो गया।
गौर करने वाली बात यह है कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी जवाबदेही तय करने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने अपने सुझावों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग नहीं की थी। इसके बावजूद CJP लगातार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है।
पीएम मोदी ने किया फास्ट ट्रैक कोर्ट का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों में तेजी से न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द और कठोर सजा दिलाने के लिए विशेष अदालतों का गठन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस ने भी सरकार को घेरा
CJP के प्रदर्शन के अगले दिन कांग्रेस ने भी सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
सरकार की ओर से कहा गया कि वह संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस ने अपनी मांग पर कायम रहते हुए शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय करने की बात दोहराई। इसके बाद प्रधानमंत्री के नए ऐलान पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को सबसे अधिक नुकसान मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर होने दिया गया और जिम्मेदार लोगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। राहुल गांधी ने सरकार के सामने तीन मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की है।
दूसरी मांग छात्रों से सार्वजनिक माफी मांगने की है और तीसरी मांग प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की है। इन मांगों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर दबाव बना रहा है।