MP TET 2026: फॉर्म कब से भरेंगे, फीस कितनी और पेपर कैसा होगा? 12 अक्टूबर की परीक्षा का पूरा अपडेट
MP TET 2026: मध्य प्रदेश में TET परीक्षा 12 अक्टूबर को होगी। करीब डेढ़ लाख शिक्षक शामिल होंगे। आवेदन 21 अगस्त से शुरू होकर 4 सितंबर तक चलेंगे।
MP TET 2026: मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने TET परीक्षा की तारीख और आवेदन प्रक्रिया का टाइम टेबल जारी कर दिया है। प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त से शुरू होंगे और अभ्यर्थी 4 सितंबर तक फॉर्म भर सकेंगे। यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद आयोजित की जा रही है।
1998 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों को देनी होगी परीक्षा
मध्य प्रदेश में 1998 से लेकर 2009 के बीच नियुक्त हुए शिक्षकों के लिए TET परीक्षा महत्वपूर्ण है। इन शिक्षकों को अपनी पात्रता साबित करने के लिए परीक्षा में शामिल होना होगा। परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 सितंबर निर्धारित की गई है।
आवेदन में संशोधन का मौका भी दिया जाएगा
TET परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले शिक्षक अपने फॉर्म में 21 अगस्त से 9 सितंबर तक संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को 1000 रुपये परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 12 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान उपलब्ध कराए जाएंगे।
150 प्रश्नों की होगी परीक्षा, नहीं होगी निगेटिव मार्किंग
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 150 अंकों की होगी और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का रहेगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा। राहत की बात यह है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं रखा गया है। यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे।
वर्ग के अनुसार तय होंगे न्यूनतम पासिंग मार्क्स
TET परीक्षा में सफल होने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा पास करने के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे। परीक्षा को लेकर करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।