Datia By Election : उपचुनाव के लिए संजना सिंह ने नामांकन भरा, देशभर के किन्नर अखाड़ों से प्रचार में आने की अपील की
Datia By Election : संजना का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि किन्नर समाज की आवाज को नीति निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मुख्यधारा तक पहुंचाना है।
Sanjana Singh Nomination : भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में इस बार एक अलग और महत्वपूर्ण राजनीतिक तस्वीर देखने को मिल रही है। यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि किन्नर समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की नई पहल के रूप में भी देखा जा रहा है। भोपाल निवासी और किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर संजना सिंह, जिन्हें संजना नंद गिरि के नाम से भी जाना जाता है, ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में कदम रखा है। संजना का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि किन्नर समाज की आवाज को नीति निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मुख्यधारा तक पहुंचाना है।
सरकारी नौकरी छोड़ समाज सेवा और आध्यात्मिक मार्ग चुना
संजना सिंह मध्य प्रदेश की पहली ट्रांसजेंडर सरकारी कर्मचारी रह चुकी हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा वे स्वच्छ भारत मिशन और राज्य निर्वाचन आयोग की स्टेट आइकॉन भी रह चुकी हैं।
करीब दो वर्ष पहले उन्होंने सरकारी नौकरी से इस्तीफा देकर किन्नर अखाड़े से जुड़ने का निर्णय लिया और बाद में महामंडलेश्वर की उपाधि प्राप्त की। उनका कहना है कि समाज सेवा और आध्यात्मिक जीवन के माध्यम से लोगों के बीच सकारात्मक बदलाव लाना उनकी प्राथमिकता है।
'न परिवार, न उत्तराधिकारी, केवल समाज की सेवा'
चुनाव प्रचार के दौरान संजना सिंह मतदाताओं से सीधे संवाद कर रही हैं। वह कहती हैं कि उनका न कोई परिवार है और न ही कोई उत्तराधिकारी होगा। इसलिए उनके लिए राजनीति व्यक्तिगत लाभ का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का अवसर है।
उनका दावा है कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वह ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ क्षेत्र के विकास तथा सामाजिक हित से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगी। उनका यह संदेश मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
किन्नर समाज के प्रति सोच बदलने की अपील
संजना सिंह का कहना है कि चुनाव लड़ने का एक प्रमुख उद्देश्य किन्नर समाज के प्रति लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। उनका मानना है कि लोकतंत्र में हर वर्ग की समान भागीदारी जरूरी है और किन्नर समुदाय को भी नीति निर्माण की प्रक्रिया में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि दतिया में चुनाव प्रचार के लिए देशभर के किन्नर समाज और विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि समाज में जागरूकता और भागीदारी बढ़ाई जा सके।
भाजपा ने भी तेज की चुनावी तैयारी
दूसरी ओर, दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 32 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को समिति का प्रमुख बनाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को चुनाव अभियान प्रमुख और पूर्व विधायक रणवीर रावत को सह-प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया उपचुनाव प्रभारी सांसद भारत सिंह कुशवाह की सहमति से इन नियुक्तियों की घोषणा की। समिति में स्थानीय नेताओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, ताकि चुनावी रणनीति को और मजबूत बनाया जा सके।