Rajgarh Accident : राजगढ़ में बड़ा हादसा, पानी में डूबी इको कार; 6 शव मिले, 2 लोग अब भी लापता
Rajgarh Accident : अपडेट के मुताबिक, हादसे में 6 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 2 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
Rajgarh Accident : राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर ब्लॉक के पढ़ाना क्षेत्र के झिरी में बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल के पास तेज बहाव के पानी में एक इको कार डूब गई। कार में एक ही परिवार के 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। रेस्क्यू टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। ताजा अपडेट के मुताबिक, हादसे में 6 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 2 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है।
सतवास से कडलावद जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, इको कार में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल थे। परिवार सतवास से कडलावद की ओर जा रहा था। रास्ते में पढ़ाना के झिरी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पास पानी का तेज बहाव था।
इसी दौरान कार पानी में चली गई और देखते ही देखते बहाव की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिवार के लोगों को बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
ग्रामीणों ने रोका, फिर भी आगे बढ़ा चालक
हादसे से पहले स्थानीय लोगों ने कार चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश की थी। ग्रामीणों ने पानी के तेज बहाव को देखते हुए चालक को खतरे के बारे में बताया था। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और कार को आगे बढ़ा दिया।
कुछ ही दूरी पर कार तेज बहाव में फंस गई और पानी में डूब गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी।
6 शव बरामद, 2 की तलाश जारी
हादसे के बाद शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 6 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, ताजा जानकारी के अनुसार दो लोग अभी भी लापता हैं।
इनमें बच्चों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। रेस्क्यू टीम पानी के बहाव और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए लापता लोगों की तलाश कर रही है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान लगातार जारी है।
SDM और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। SDM, SDOP और थाना प्रभारी सहित रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी शुरू की।
स्थानीय लोगों की मदद भी ली जा रही है। तेज पानी के कारण राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
हादसे के बाद निर्माणाधीन पुल और बायपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर पानी के तेज बहाव को देखते हुए पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड होने चाहिए थे।
बारिश के बाद पानी का बहाव बढ़ने से रास्ता बेहद खतरनाक हो गया था। ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को पहले से चेतावनी देने और रास्ता बंद करने की व्यवस्था जरूरी मानी जाती है। अब प्रशासन से निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग उठ रही है।