संसद परिसर में NDA-कांग्रेस आमने-सामने! BJP सांसद का सवाल- राहुल झारखंड क्यों नहीं गए? प्रियंका का जवाब
Parliament Monsoon Session 2026 : राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष केवल गृह मंत्री की राय नहीं सुनना चाहता, बल्कि यह जानना चाहता है कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया था।
Parliament Monsoon Session 2026 : नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को NDA और इंडिया ब्लॉक के सांसद आमने-सामने नजर आए। दोनों पक्षों ने संसद परिसर में एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया। सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने और चर्चा से बचने का आरोप लगाया। वहीं, विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्रियंका के सामने राहुल गांधी को लेकर नारेबाजी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के संसद पहुंचने के दौरान BJP सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए। BJP सांसद मुकेश दलाल ने राहुल गांधी के झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने को लेकर सवाल उठाया।
इस पर प्रियंका गांधी ने जवाब दिया कि राहुल गांधी झारखंड जा चुके हैं और छात्रों से मुलाकात भी कर चुके हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली।
लोकसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहले 11 बजे तक स्थगित की गई। दोपहर दो बजे सदन दोबारा शुरू हुआ। हालांकि, कुछ ही देर बाद फिर नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में कार्यवाही जारी रही। मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को समाप्त होना है।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई बना बड़ा मुद्दा
विपक्ष दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांग रहा है। सरकार ने कहा है कि अमित शाह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष केवल गृह मंत्री की राय नहीं सुनना चाहता, बल्कि यह जानना चाहता है कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया था।
राष्ट्रपति ने वंदे मातरम् विधेयक को दी मंजूरी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को वंदे मातरम् से जुड़े संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। इसके साथ राष्ट्रीय गीत को कानूनी संरक्षण देने का प्रावधान प्रभावी हो गया है। नए कानून में वंदे मातरम् के गायन में जानबूझकर बाधा डालने या किसी सभा को इसे गाने से रोकने को दंडनीय बनाया गया है। ऐसे मामलों में जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
हंगामे के बीच दो विधेयक लोकसभा से पास
लोकसभा में हंगामे के बीच दो विधेयक पारित किए गए। इनमें केरल (नाम में बदलाव) विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं। केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने की प्रक्रिया पर पहले ही राज्य विधानसभा की सहमति मिल चुकी है।
रामदास आठवले ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने राहुल गांधी से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब अमित शाह चर्चा के लिए तैयार हैं, तो विपक्ष को सदन की कार्यवाही में सहयोग करना चाहिए। इस बीच संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध बना हुआ है।