Parliament News: संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन: 'दान पेटी' रखकर उठाया राम मंदिर चढ़ावे का मुद्दा, स्पीकर ओम बिरला की सख्त चेतावनी
Parliament News: संसद परिसर में विपक्ष ने 'दान पेटी' के जरिए प्रदर्शन किया। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों को सख्त चेतावनी दी। हंगामे के बीच दोनों सदन सोमवार तक स्थगित कर दिए गए, जबकि एक महत्वपूर्ण विधेयक लोकसभा से पारित हुआ।

Parliament News: संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्ष ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर संसद परिसर में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में 'दान पेटी' लेकर संसद परिसर पहुंचे। विपक्ष के कई नेताओं, जिनमें राहुल गांधी भी शामिल रहे, ने दान पेटी में पैसे डालकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा।
ओम बिरला ने दी कड़ी चेतावनी
विपक्ष के इस प्रदर्शन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भेष बदलकर संसद आना, तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शन करना संसद की गरिमा और परंपराओं के खिलाफ है। बिरला ने कहा कि कुछ सांसद संसद की मर्यादा को नुकसान पहुंचा रहे हैं और भविष्य में ऐसी गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
हंगामे की वजह से नहीं चली कार्यवाही
विपक्ष के लगातार हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर लगातार विरोध कर रहा है।
पीएम मोदी और अमित शाह की अहम बैठक
सदन स्थगित होने के बाद संसद परिसर में कई उच्चस्तरीय बैठकें हुईं। कैबिनेट बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बीच मुलाकात हुई। इसके बाद अमित शाह ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, बैठकों में संसद का गतिरोध खत्म करने और आगामी विधायी कार्यों पर चर्चा हुई।
हंगामे के बीच पास हुआ बिल
हंगामे के बावजूद लोकसभा ने 'जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026' बिना चर्चा के पारित कर दिया। अब यह विधेयक राज्यसभा में पेश किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि मानसून सत्र के शेष दिनों में लंबित विधेयकों को पारित कराया जा सके।

