MP News: बरगी बांध के 9 गेट खुलते ही नर्मदा में बढ़ा जलस्तर, पुल पर जान जोखिम में डालते दिखे लोग
MP News: बरगी बांध के 9 गेट खुलने से नरसिंहपुर में नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, पुल डूबने की कगार पर पहुंचा और लोग जान जोखिम में डालते दिखे।
MP News: नरसिंहपुर में लगातार बारिश और बरगी बांध के 9 गेट खोले जाने के बाद नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में तेज उफान के बीच स्थाई आवागमन वाला छोटा पुल भी डूबने की कगार पर पहुंच गया है। इसके बावजूद कुछ लोग पुल पर खड़े होकर जान जोखिम में डालते नजर आए।
नर्मदा में बढ़ा पानी, पुल पर मंडराया खतरा
बरगी बांध के गेट खुलने और लगातार हो रही रिमझिम बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। पानी बढ़ने से छोटा पुल भी प्रभावित होने की स्थिति में है। प्रशासन की ओर से लगातार लोगों को नदी और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
जान जोखिम में डालकर पुल पर खड़े लोग
पानी के तेज बहाव के बीच लोगों की लापरवाही का वीडियो सामने आया है। कुछ लोग पुल पर खड़े होकर बहाव के बीच आ रही लकड़ियों को पकड़ते नजर आए। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। घाटों और निचले इलाकों में जाने से बचने की हिदायत दी जा रही है। दुकानदारों को भी मुनादी के जरिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की समझाइश दी गई है।
घाटों पर लापरवाही से बढ़ी चिंता
प्रशासन की अपील के बावजूद घाटों पर लोगों की आवाजाही जारी है। घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और SDRF की तैनाती नहीं होने से भी चिंता बढ़ गई है। तेज बहाव को देखते हुए लोगों से नदी के आसपास जाने से पूरी तरह बचने की अपील की जा रही है।