मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत 7 अगस्त से, छिंदवाड़ा में शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे CM मोहन यादव
मध्य प्रदेश सरकार प्रशासन और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने के लिए ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ शुरू करने जा रही है। अभियान की शुरुआत 7 अगस्त को छिंदवाड़ा से होगी, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने और आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ की शुरुआत करने जा रही है। अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले से होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ में भाग लेंगे और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज चयनित शिकायतों के आवेदकों से सीधे बातचीत करेंगे।
सरकार का उद्देश्य शिकायतों के त्वरित निराकरण, प्रशासनिक पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करना बताया गया है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के चयनित शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने इस संबंध में छिंदवाड़ा कलेक्टर को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार विभिन्न विभागों से संबंधित 20 से 25 शिकायतों का चयन किया जाएगा।
इन शिकायतों का परीक्षण कर उनका निराकरण 5 अगस्त तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इसके बाद चयनित शिकायतकर्ताओं को समाधान कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री स्वयं उनसे बातचीत कर शिकायतों के समाधान की स्थिति की जानकारी लेंगे।
अधिकारियों की मौजूदगी में होगी शिकायतों की समीक्षा
समाधान कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़ी शिकायतों की वर्तमान स्थिति और उनके निराकरण की जानकारी देंगे।
पूरी प्रक्रिया मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता बढ़ेगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
छिंदवाड़ा दौरे में समीक्षा बैठक और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद भी प्रस्तावित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छिंदवाड़ा दौरे के दौरान जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
बैठकों में जिले के विकास कार्यों, निवेश की संभावनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जा सकती है। प्रशासन को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रिपरिषद के निर्णय के बाद लागू हो रहा अभियान
हाल ही में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ शुरू करने का निर्णय लिया गया था। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे।
इन दौरों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और नागरिकों की शिकायतों के प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा तथा सुशासन को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी.

