MP Politics : दतिया उपचुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा आरोप, गोविंद सिंह ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई
MP Politics : गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि चुनाव में बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान कराने की योजना बनाई जा रही है।
MP Politics : मध्य प्रदेश। दतिया उपचुनाव से एक दिन पहले प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त और मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने की मांग की है।
चुनाव आयोग को भेजा पत्र, निष्पक्ष मतदान की मांग
डॉ. गोविंद सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा को पत्र भेजकर दतिया उपचुनाव को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से कराया जाना चाहिए ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। कांग्रेस ने मतदान से पहले चुनाव आयोग से विशेष निगरानी रखने की भी मांग की है।
बूथ कैप्चरिंग और अधिकारियों की तैनाती पर उठाए सवाल
गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि चुनाव में बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान कराने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भिंड जिले के कुछ पुलिस अधिकारियों को दतिया में चुनाव ड्यूटी पर लगाने की तैयारी की जा रही है।
उनका कहना है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए भिंड जिले के अधिकारियों की दतिया में तैनाती नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
कल मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
दतिया उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। मतदान से पहले कांग्रेस के आरोपों के कारण चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो गया है। अब सभी की नजर चुनाव आयोग की तैयारियों और मतदान प्रक्रिया पर रहेगी कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होता है या नहीं।