MP Farmers Protest : राशन- पानी लेकर भोपाल पहुंच रहे हजारों किसान, बैरिकेड्स तोड़कर मंडीदीप से आगे बढ़े
MP Farmers Protest : अब्दुल्लागंज से भोपाल आने वाले मार्ग पर लगभग दो से तीन किलोमीटर के दायरे में भारी बैरिकेडिंग की गई है। पूरे रास्ते में कई स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं।
MP Farmers Protest : भोपाल। मूंग खरीदी और खाद की समस्या को लेकर किसानों ने भोपाल कूच का ऐलान किया है। इसके बाद राजधानी भोपाल और उससे जुड़े सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने भोपाल आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। किसानों के अलग-अलग जिलों से राजधानी पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
अब्दुल्लागंज से भोपाल तक कड़ी निगरानी
अब्दुल्लागंज से भोपाल आने वाले मार्ग पर लगभग दो से तीन किलोमीटर के दायरे में भारी बैरिकेडिंग की गई है। पूरे रास्ते में कई स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। वहीं भोपाल और ओबेदुल्लागंज के बीच करीब आठ से दस स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हर आने-जाने वाले वाहन पर नजर रखी जा रही है।
किसानों ने शुरू किया भोपाल कूच
किसानों ने अब्दुल्लागंज से भोपाल की ओर कूच शुरू कर दिया है। आंदोलन में बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। किसान मूंग खरीदी और खाद की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं को लेकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
राजधानी की सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा
भोपाल की सीमा से जुड़े सभी प्रमुख इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें अंदर आने की अनुमति दी जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, प्रशासन सतर्क
किसानों के अलग-अलग जिलों से भोपाल पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।