MP Cabinet Decisions: मोहन कैबिनेट में बड़े फैसलों को हरी झंडी, नर्मदा, नौकरी, विज्ञान और महिलाओं के लिए बड़े ऐलान !
MP Cabinet Decisions: मोहन कैबिनेट ने नर्मदा के लिए नमन मिशन, विज्ञान-तकनीक को ₹492 करोड़, PWD में 35 पद और खेल प्रतिभा खोज समेत कई फैसलों को मंजूरी दी।
MP Cabinet Decisions: भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। बैठक में लोकहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी प्रदेश के PWD मंत्री ने दी। सरकार ने नर्मदा संरक्षण, विज्ञान-तकनीक, सड़क विकास, महिला सुविधाओं और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए हैं।
नर्मदा को निर्मल बनाने शुरू होगा ‘नमन मिशन’
कैबिनेट ने नर्मदा नदी को निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए ‘नमन मिशन’ को मंजूरी दी है। मिशन के तहत नर्मदा जल की स्वच्छता, प्रदूषण की रोकथाम और नदी के घाटों की सफाई पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 5 वर्षों में 100 करोड़ रुपए का अनुदान दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य नर्मदा नदी के संरक्षण के साथ उसके आसपास के क्षेत्रों को भी बेहतर बनाना है।
विज्ञान और तकनीक के लिए ₹492.84 करोड़ मंजूर
मध्य प्रदेश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए 2026 से 2031 तक तीन योजनाएं जारी रखने का फैसला लिया गया है। इसके लिए कुल 492.84 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है।
‘अनुसंधान, योजना एवं विकासीय गतिविधियों’ के लिए 201.28 करोड़ रुपए, ‘निर्देशन एवं प्रशासन’ योजना के लिए 119.04 करोड़ रुपए और विज्ञान के लोकप्रियकरण एवं प्रसार के लिए 172.52 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इन योजनाओं के तहत GIS, रिमोट सेंसिंग, बायोटेक्नोलॉजी, जलवायु परिवर्तन, पेटेंट, ग्रामीण तकनीक और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में रिसर्च को बढ़ावा दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल साइंस लैब, बच्चों के लिए टैलेंट सर्च
सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में मोबाइल विज्ञान प्रयोगशालाएं और विज्ञान कार्यशालाएं संचालित करेगी। विज्ञान मेलों, विज्ञान मंथन यात्राओं और ‘साइंस ऑन व्हील्स’ जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
वहीं 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों में खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए टैलेंट सर्च प्रोग्राम चलाया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे। क्रिएटिविटी लर्निंग सेंटर के जरिए बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने की भी योजना है।
PWD में 35 नए पद, चार वर्किंग वुमन हॉस्टल को मंजूरी
कैबिनेट ने मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में 35 नए पदों को मंजूरी दी है। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं के लिए चार वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाए जाएंगे।
बैठक में पीएम धन-धान्य योजना के तहत मध्य प्रदेश की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। डिंडोरी को इस योजना में देश का नंबर वन जिला बताया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के सकारात्मक परिणामों की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही टीकमगढ़ में जनविश्वास अभियान से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे।