Mandsaur News: चोरों से बचाने वाला कुत्ता ही बना चोर, CCTV में दिखा हैरान करने वाला VIDEO; पढ़ें पूरा मामला
Mandsaur News: जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से लाखों रुपये के जेवर और नकदी से भरा बैग गायब होने से हड़कंप मच गया। शिकायत के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली तो चौंकाने वाला दृश्य सामने आया।
Mandsaur News: मंदसौर जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के कायमपुर की रहने वाली लताबाई वाल्मीकि अपने बेटे के हाथ का इलाज कराने अस्पताल पहुंची थीं। परिवार के पास सोने-चांदी के आभूषण और करीब 2 हजार रुपये नकद थे, जो एक हैंडबैग में रखे गए थे। रात के समय हैंडबैग मरीज के बिस्तर के पास रखा हुआ था। महिला की नजर जब बैग पर गई तो वह वहां नहीं था और बैग गायब होने के बाद परिवार में चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज देखते ही पुलिस भी रह गई हैरान
जानकारी के मुताबिक, शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। पुलिस ने सर्जिकल वार्ड के साथ-साथ कॉरिडोर और अस्पताल के बाहर निकलने वाले रास्तों की फुटेज भी देखी। इसी दौरान CCTV में ऐसा दृश्य दिखाई दिया, जिसने पूरे मामले को ही हैरान करने वाला बना दिया। फुटेज में एक आवारा कुत्ता सर्जिकल वार्ड के अंदर जाता नजर आया। इसके कुछ समय बाद वही कुत्ता मुंह में हैंडबैग दबाकर अस्पताल से बाहर निकलता दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को बैग के गायब होने की पूरी कड़ी समझ में आ गई।
पुलिस ने शुरू की तलाश
बता दें, CCTV फुटेज में कुत्ते की दिशा सामने आने के बाद पुलिस टीम ने उसी रास्ते के आसपास तलाश शुरू की। पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में बैग की तलाश की। काफी प्रयास के बाद महिला का बैग और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद कर ली गई। सामान वापस मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
इस घटना ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। सर्जिकल वार्ड जैसे संवेदनशील हिस्से में रात के समय आवारा कुत्ते का प्रवेश करना और वहां से मरीज का बैग लेकर बाहर निकल जाना निगरानी व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाता है।