MP News: इंदौर जू में शुरू हुआ देश का पहला 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर, CM मोहन ने किया लोकार्पण
MP News: इंदौर जू में देश का पहला 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर शुरू हुआ है, जहां दर्शक बारिश, हवा और मूविंग सीटों के साथ सफारी का अनुभव लेंगे।
MP News: इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में देश का पहला 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इसका लोकार्पण किया। यहां दर्शक बिना जंगल गए बारिश, हवा, कोहरा और सीटों की हलचल के साथ वर्चुअल सफारी का रोमांच महसूस कर सकेंगे।
बिना जंगल जाए मिलेगा सफारी का रोमांच
थिएटर में 3D चश्मे के जरिए जंगल और वन्यजीवों की दुनिया दिखाई जाएगी। स्क्रीन पर बदलते दृश्यों के साथ बारिश की बूंदें, हवा के झोंके, कोहरा और बुलबुले जैसे इफेक्ट्स भी महसूस होंगे। मूविंग सीटें ऊपर-नीचे और आगे-पीछे चलेंगी।
14 तरह के इफेक्ट्स होंगे खास
थिएटर में कुल 14 तरह के सेंसरियल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है। इसकी विशेष वाटरप्रूफ स्क्रीन दक्षिण कोरिया से आयात की गई है। करीब 20 मिनट के शो में जंगल और रोमांचक दृश्यों का अनुभव कराया जाएगा। सुरक्षा के लिए सीटों में ग्रिपिंग सिस्टम और सीट बेल्ट भी लगाए गए हैं।
गोरिल्ला के मुंह से होगी एंट्री
थिएटर में प्रवेश के लिए विशाल गोरिल्ला का मुख बनाया गया है। अंदर डिम लाइट और नियोन रोशनी के बीच 3D जंगल का माहौल तैयार किया गया है। दीवारों पर पेड़, बाघ और शेरों की आकृतियां दिखाई देंगी।
प्रागैतिहासिक जंगल की भी होगी सैर
शो को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले हिस्से में आधुनिक जंगल और वन्यजीवों की दुनिया दिखाई जाएगी। दूसरे हिस्से में दर्शक प्रागैतिहासिक काल की दुनिया और विशालकाय जीवों के दृश्यों का अनुभव करेंगे।
सफारी के बाद भी जारी रहेगा रोमांच
14-D थिएटर के बाद ग्लो गार्डन भी पर्यटकों के लिए आकर्षण रहेगा। यहां फाइबर ऑप्टिक लाइट्स से बोलता हुआ पेड़, शेर, तितलियां और पौधों जैसे आकर्षण बनाए गए हैं। इसके बाद भूल-भुलैया, मिरर ब्रिज पर होलोग्राम के जरिए हनुमान जी के दर्शन, 3D वाइल्डलाइफ इमर्सिव सफारी और 10 मिनट का 3D डोम शो भी होगा।
जानें कब खुला रहेगा थिएटर और कितनी होगी फीस
थिएटर मंगलवार से रविवार तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। सोमवार को अवकाश रहेगा। प्रतिदिन 20-20 मिनट के कुल 16 शो होंगे। शुरुआती प्रवेश शुल्क 70 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है।
इंदौर जू में बढ़ा नया आकर्षण
14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर शुरू होने से कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में पर्यटकों के लिए नया आकर्षण जुड़ गया है। यहां वन्यजीवों के साथ तकनीक और मनोरंजन का अनुभव भी लिया जा सकेगा।
