MP News: सिटी बसों के बाद अब ग्रीन मोबिलिटी की तैयारी, इन 5 रूट पर उतरेंगी 26 ई-बसें; ये होंगे रूट
MP News: इंदौर से भोपाल, उज्जैन और पर्यटन स्थलों के लिए 26 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। पीएम ई-बस सेवा के तहत भी 150 नई बसें प्रस्तावित हैं।
MP News: मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नई पहल शुरू होने जा रही है। इंदौर रीजन में 26 ग्रीन लाइन इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना तैयार की गई है। ये बसें इंदौर को भोपाल, उज्जैन समेत धार्मिक और पर्यटन स्थलों से जोड़ेंगी।
इंदौर से इन रूट पर चलेंगी ई-बसें
ग्रीन मोबिलिटी सेवा के तहत इंदौर से पांच प्रमुख रूट पर इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। इंदौर-भोपाल रूट पर 8, इंदौर-उज्जैन पर 6, इंदौर-मांडू पर 2, इंदौर-खरगोन-खंडवा पर 8 और इंदौर-सेंधवा रूट पर 2 बसें संचालित होंगी। इस तरह कुल 26 बसें चलाने की तैयारी है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
इन इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी। बसों का संचालन ऑपरेटरों को सौंपा जाएगा, जो करीब 8 साल तक बसों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेंगे। सेवा का संचालन नेट कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट मॉडल के तहत किया जाएगा।
20 से ज्यादा रूट पर टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री परिवहन सेवा के तहत दूरस्थ शहरों को जोड़ने वाले 20 से ज्यादा रूट पर टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इंदौर से सागर, जबलपुर, शहडोल और बालाघाट समेत कई शहरों के लिए भी ऑपरेटर नियुक्त किए जाने हैं। इससे प्रदेश में लंबी दूरी के सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
PM ई-बस सेवा का भी होगा विस्तार
मध्य प्रदेश में पीएम ई-बस सेवा के विस्तार की भी तैयारी चल रही है। इंदौर से सिटी बस सेवा के 14 रूट पर पीएम ई-बस सेवा शुरू हो चुकी है। आने वाले समय में करीब 150 और बसें चलाने की योजना है। इंदौर और उज्जैन संभाग में कुल 170 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी की जा रही है।
