World News: इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाने का आदेश, सुप्रीम कोर्ट ने 48 घंटे में शिफ्ट करने को कहा
World News: पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने बिगड़ती सेहत के चलते इमरान खान को 48 घंटे में प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट करने का आदेश दिया है।
World News:पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जेल से प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने का आदेश दिया है। अदालत ने 48 घंटे के भीतर उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने को कहा है। साथ ही परिवार से हर सप्ताह मुलाकात की अनुमति भी दी गई है।
48 घंटे में अस्पताल शिफ्ट होंगे इमरान खान
PTI प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को 48 घंटे के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती कराने का निर्देश दिया है। वह 16 सितंबर तक अस्पताल में रहेंगे। यह फैसला उनकी पार्टी और परिवार की ओर से लगातार उठाई जा रही स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बीच आया है।
मेडिकल बोर्ड करेगा स्वास्थ्य की जांच
अदालत ने इमरान खान की सेहत की विस्तृत जांच के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने का भी आदेश दिया है। इस बोर्ड में PTI नेता के निजी डॉक्टर के साथ उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किया जाएगा। कोर्ट ने परिवार और वकीलों को मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने की हिदायत दी है।
आंखों की रोशनी और ब्लड प्रेशर को लेकर चिंता
इमरान खान के वकीलों और परिवार की ओर से उनकी सेहत को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। उनका दावा है कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी प्रभावित हुई है। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी उनकी मेडिकल रिपोर्ट को चिंताजनक बताया है।
अल्वी के मुताबिक, रिपोर्ट में एंग्जायटी, तेज धड़कन और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं का जिक्र है। उन्होंने लंबे समय से जेल में रहने और अकेलेपन के असर को लेकर भी चिंता जताई है।
अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान
73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें कई मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। हालांकि, इमरान खान और उनकी पार्टी लगातार इन मामलों को राजनीतिक कार्रवाई बताते रहे हैं। अब सुप्रीम कोर्ट के अस्पताल शिफ्ट करने के आदेश को उनके लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।