Heavy Rain Alert : MP समेत 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट , भोपाल के सभी स्कूलों में छुट्टी
Heavy Rain Alert : मानसून ट्रफ भी प्रदेश में नमी लेकर पहुंच रही है। इसके असर से कई जिलों में तेज बारिश हो रही है।
Heavy Rain Alert : नई दिल्ली। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है। इन राज्यों में पिछले 24 घंटे से कई जगह लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
भोपाल में 7 इंच से ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में शहर में 7 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया। करीब 1,000 से ज्यादा घरों के आसपास पांच फीट तक पानी भरने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश को देखते हुए नर्सरी से 12वीं तक के सरकारी और निजी स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
MP में मजबूत सिस्टम सक्रिय
मध्य प्रदेश में इस समय लो प्रेशर एरिया सक्रिय है। मानसून ट्रफ भी प्रदेश में नमी लेकर पहुंच रही है। इसके असर से कई जिलों में तेज बारिश हो रही है।
आज नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, आगर मालवा, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में 14 अगस्त तक मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राजस्थान में बांधों के गेट खुले
राजस्थान के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। हाड़ौती क्षेत्र के कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में पिछले 24 घंटे में कई जगह 12 इंच तक बारिश हुई। तेज बारिश के बाद कालीसिंध और छापी बांध के गेट खोले गए। इससे निचले इलाकों में पानी बढ़ गया है और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
UP में 40 गांव बाढ़ की चपेट में
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। गंगा और यमुना समेत करीब 10 नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है। करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। फर्रुखाबाद में गंगा के तेज बहाव के कारण कई घर प्रभावित हुए हैं।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से हाईवे बंद
चंपावत में बारिश के कारण लैंडस्लाइड हुआ है। बाराकोट के बागधारा के पास पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे लोहाघाट-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। सड़क पर मलबा आने के बाद यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन की टीम रास्ता साफ करने में जुटी है।
कई राज्यों में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में यलो अलर्ट जारी किया गया है।