MP Farmers Protest : मूंग खरीदी- ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों का प्रदर्शन, आज सीएम हाउस घेराव की तैयारी
MP Farmers Protest : किसानों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बुधवार को मुख्यमंत्री निवास के घेराव की भी तैयारी की गई है।
MP Farmers Protest : मध्य प्रदेश। भोपाल में मूंग की सरकारी खरीदी और खाद वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। नर्मदापुरम संभाग से पहुंचे करीब दो हजार किसान मंगलवार रात राजधानी की सड़कों पर डटे रहे। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बुधवार को मुख्यमंत्री निवास के घेराव की भी तैयारी की गई है।
मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था को लेकर नाराजगी
किसानों की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित की जाए। दूसरी, खाद वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था के कारण उन्हें समय पर सुविधा नहीं मिल रही है। इसी वजह से बड़ी संख्या में किसान भोपाल पहुंचे और आंदोलन शुरू किया। देर रात किसानों ने आंदोलन स्थल पर ही खाना बनाकर रात बिताई और साफ किया कि मांगें पूरी होने तक वे वापस नहीं लौटेंगे।
प्रशासन से बातचीत बेनतीजा, आज सीएम हाउस कूच की तैयारी
मंगलवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
इसके बाद किसान नेताओं ने घोषणा की कि बुधवार को मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया जाएगा। उनका कहना है कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें रखेंगे और समाधान मिलने तक धरना जारी रखेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित
किसान आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई स्तर पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में एसएएफ, आरएएफ और कई थानों के पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इसके साथ ही वाटर कैनन, वज्र वाहन और दंगा नियंत्रण उपकरण भी तैयार रखे गए हैं।
आंदोलन के कारण मंगलवार रात नर्मदापुरम रोड, होशंगाबाद रोड, एम्स, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स सहित कई इलाकों में लंबा जाम लगा रहा। हालात को देखते हुए नर्मदापुरम रोड क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।