कार की बोनट पर पिता-पुत्र को बांधकर 4 KM तक घसीटा, ग्रामीणों ने बचाई जान, गाड़ी में टक्कर के बाद हुआ विवाद
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और कार जब्त कर ली है। ग्रामीणों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है।
MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले में सड़क पर हुए विवाद के बाद चालक ने पिता-पुत्र को कार की बोनट पर बांधकर 4 किलोमीटर तक घसीटा। कुक्षी के सुतार मोहल्ले में कार की टक्कर लगने के बाद बुजुर्ग ने चालक को रोककर बात करने की कोशिश की। इसी दौरान कहासुनी और मारपीट हुई। आरोप है कि जब बुजुर्ग का बेटा घटना की तस्वीर लेने लगा, तो चालक ने कार आगे बढ़ा दी। पिता और बेटा कार के बोनट पर गिर गए, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय करीब चार किलोमीटर तक दौड़ाई। आखिरकार ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों को बचाया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।
पैदल जा रहे बुजुर्ग को कार से लगी टक्कर
जानकारी के मुताबिक घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है। कुक्षी के सुतार मोहल्ले में रहने वाले बाबूलाल भूराजी पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। बाबूलाल ने चालक को रोककर सावधानी से गाड़ी चलाने की बात कही। आरोप है कि इस बात पर चालक उनसे उलझ गया और मारपीट करने लगा।
इसी बीच बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया। वह कार की तस्वीर लेने लगा, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी दर्ज की जा सके। आरोप है कि इससे नाराज होकर चालक ने अचानक कार आगे बढ़ा दी। पिता और बेटा खुद को संभाल पाते, इससे पहले ही वे कार के बोनट पर जा गिरे।
पिता-पुत्र गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन कार नहीं रोकी
सबसे खतरनाक स्थिति तब बनी, जब दोनों कार के बोनट पर लटके हुए थे। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बनाए रखी। पिता और बेटा अपनी जान बचाने के लिए बोनट को पकड़े रहे और चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे।
इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने घटना देखी और कार का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की कोशिश के बाद लोनी फाटे के पास कार रुकवाई जा सकी। इसके बाद पिता और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
पिता-पुत्र हुए घायल
रिपोर्ट्स के अनुसार घटना में बाबूलाल के हाथ, पैर और पसलियों में चोटें आईं। उनके बेटे भारत की कलाई, उंगली और घुटने पर भी चोट लगी। घटना के बाद दोनों ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और कार जब्त कर ली है। ग्रामीणों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। मामले की जांच जारी है।
.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)