धर्म परिवर्तन न करने पर आरोपी अदनान ने चाकू से हमला किया, अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देता था
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नर्सिंग की एक छात्रा पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र की तोमर कॉलोनी (गुड़ा) की है। छात्रा का आरोप है कि उसका दोस्त उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। वह निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी देता था। शुक्रवार को विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से उसके गले पर वार किया। छात्रा ने पीछे हटकर बचने की कोशिश की, जिससे चाकू गले को छूते हुए निकल गया और कट लग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तीन साल पहले हुई थी दोस्ती
शिवपुरी जिले के करैरा की रहने वाली छात्रा ग्वालियर में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने बताया कि करीब तीन साल पहले एक सहेली ने उसकी पहचान अदनान खान से कराई थी। छात्रा का कहना है कि शुरुआत में अदनान सभी धर्मों को समान मानने की बात करता था। बाद में उसका व्यवहार बदल गया। छात्रा ने मारपीट करने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और निजी फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
कमरे पर पहुंचकर किया हमला
छात्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह अदनान अपने मामा के बेटे सरफराज और बहन सोफी के साथ छात्रा के कमरे पर पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर अदनान ने कमरे में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और छात्रा के गले पर हमला कर दिया। घायल छात्रा को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इलाज के बाद उसकी हालत ठीक बताई गई है।
थाने के बाहर प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद शुक्रवार शाम सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला, राष्ट्रीय संगठन मंत्री पंकज ठाकुर और अन्य कार्यकर्ता माधौगंज थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले में छह प्रमुख मांगें रखीं।
माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी के मुताबिक, छात्रा की शिकायत पर अदनान खान, सोफी खान और सरफराज खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अदनान और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। धर्म परिवर्तन के दबाव और फोटो-वीडियो से धमकाने से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी। फिलहाल, ये आरोप पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं।
.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)