Datia by-Election : मतदान से पहले कांग्रेस का बड़ा प्लान! बॉर्डर पर तैनात होंगे वरिष्ठ नेता; BJP ने कहा- हार की बौखलाहट
Datia by-Election : डबरा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह और जसवीर गुर्जर निगरानी करेंगे।
Datia by-Election : मध्य प्रदेश। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मतदान से पहले कांग्रेस ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए विधानसभा की सीमाओं और आसपास के प्रमुख बॉर्डर क्षेत्रों पर वरिष्ठ नेताओं को तैनात करने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि इन नेताओं की मौजूदगी में बाहरी हस्तक्षेप, प्रशासनिक दबाव, बूथ पर विवाद या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर इसकी जानकारी तुरंत चुनाव आयोग को दी जाएगी।
चारों तरफ नेताओं को मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने दतिया विधानसभा के आसपास अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। डबरा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह और जसवीर गुर्जर निगरानी करेंगे। भांडेर क्षेत्र की जिम्मेदारी पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया को दी गई है। पार्टी का कहना है कि नेता कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।
सेवढ़ा और दिनारा में भी तैनाती
सेवढ़ा की ओर दतिया बॉर्डर पर उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, भिंड जिला कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल भदौरिया को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दिनारा क्षेत्र में जयवर्धन सिंह और केपी सिंह निगरानी करेंगे। झांसी सीमा पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं को भी जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही गई है। कांग्रेस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने भाजपा पर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पुलिस, प्रशासन और धनबल का इस्तेमाल कर सकती है। कांग्रेस का दावा है कि उसके प्रत्याशी घनश्याम सिंह क्षेत्र में मजबूत पहचान रखते हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि इसी वजह से सत्ता पक्ष दबाव की राजनीति कर रहा है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
BJP ने कांग्रेस के आरोपों को बताया बहाना
भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में अपनी संभावित हार दिखाई दे रही है, इसलिए वह पहले से ही बहाने तलाश रही है। भाजपा का कहना है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ रही है और जनता विकास के मुद्दों को ध्यान में रखकर फैसला करेगी।
वोट डायवर्जन और नाराजगी की चुनौती
दतिया में मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस तक सीमित नहीं है। कांग्रेस के सामने आजाद पार्टी के दामोदर यादव की मौजूदगी से वोटों के बंटवारे की चुनौती बताई जा रही है। वहीं भाजपा के सामने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों की नाराजगी को लेकर चिंता की चर्चा है। अब मतदान के दिन जनता किसके पक्ष में फैसला करती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।