Balaram Agriculture Festival : बलराम कृषि महोत्सव में CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, किसानों को मिलेगा भावांतर योजना और नई सुविधाओं का लाभ
Balaram Agriculture Festival : सीएम ने फसल बीमा, किसान सम्मान निधि, ब्याज मुक्त ऋण और भावांतर योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Balaram Agriculture Festival : नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नर्मदापुरम में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित किया। उन्होंने किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेती के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने फसल बीमा, किसान सम्मान निधि, ब्याज मुक्त ऋण और भावांतर योजना जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों के लिए नई सुविधाओं का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब फसल बीमा की राशि, किसान सम्मान निधि और ब्याज मुक्त ऋण सीधे किसानों के खातों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी सहकारी समिति का कर्मचारी या प्रबंधक गड़बड़ी करता है तो उसका नुकसान किसानों को नहीं उठाना पड़ेगा।
ऐसे मामलों में किसान डिफॉल्टर भी घोषित नहीं होंगे। साथ ही सहकारी खातों के नवीनीकरण की अवधि छह महीने से बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है, जिससे किसानों पर आर्थिक दबाव कम होगा।
भावांतर योजना और कृषि विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी धान खरीदी में धान और सरसों दोनों को भावांतर योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम अपने शरबती गेहूं, बासमती चावल और अन्य गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादों के कारण देशभर में पहचान रखता है। सरकार इस क्षेत्र को कृषि के साथ औद्योगिक विकास का भी प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है।
बागवानी और फूड प्रोसेसिंग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदापुरम और नरसिंहपुर में बागवानी की अपार संभावनाएं हैं। यहां आम, अमरूद, संतरा, केला, पपीता, अनार और नींबू के बड़े बगीचे विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से "एक बगिया मां के नाम" अभियान को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना के लिए सरकार 50 प्रतिशत तक सब्सिडी भी दे रही है।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल खेती तक सीमित नहीं है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए डेयरी, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, बकरी पालन और पुष्प उत्पादन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव सरकार और किसानों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम में कृषि शिक्षा से जुड़े मेधावी विद्यार्थियों और कृषि आधारित उद्योगों से जुड़े लोगों का सम्मान भी किया गया। अंत में मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और आने वाले सभी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।