Raisen Minor Girl Recovered : मध्य प्रदेश। रायसेन में एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 14 वर्षीय नाबालिग को एक युवक ने प्रेम संबंधों का भरोसा देकर अपने प्रभाव में लिया और उसे घर से दूर ले गया। घटना औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस हुई सक्रिय
परिजनों ने आरोप लगाया कि 20 वर्षीय शेख मुस्तफा ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और युवती की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लड़की को अपने साथ लेकर गया था और बाद में उसे भोपाल में छोड़कर अपने गांव मेंदुआ लौट आया था।
नाबालिग सुरक्षित बरामद
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी युवक की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शेख मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हिंदू संगठन ने जताई आपत्ति
घटना को लेकर कुछ हिंदू संगठनों ने इसे लव जिहाद की कोशिश बताया है। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस नाबालिग के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
औबेदुल्लागंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी सभी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
