Kerala Firecracker Unit Blast : केरल। त्रिशूर में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ, जब मुंडाथिकोड स्थित पटाखा यूनिट में भीषण ब्लास्ट हो गया। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
‘त्रिशूर पूरम’ की तैयारियों के बीच हुआ हादसा
यह हादसा त्रिशूर पूरम की तैयारियों के दौरान हुआ। यह केरल का प्रसिद्ध और भव्य वार्षिक मंदिर उत्सव है, जिसे ‘पूरमों की जननी’ कहा जाता है। इस उत्सव में सजे-धजे हाथी, चेंडा मेलम संगीत, रंग-बिरंगी छतरियों का प्रदर्शन और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होते हैं।
पटाखों में आग लगने से मची अफरातफरी
जानकारी के अनुसार, तिरुवंबडी डिवीजन में एक शेड के अंदर उत्सव के लिए रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पटाखे फूटने लगे। मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरातफरी मच गई।
6 लोगों की मौत, 40 घायल
हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से 18 घायलों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां 8 की हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी 22 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
5 अस्थायी शेड में रखे थे पटाखे, आग तेजी से फैली
बताया जा रहा है कि पटाखों को रखने के लिए 5 अस्थायी शेड बनाए गए थे। आग तेजी से फैलते हुए सभी शेड तक पहुंच गई, जिससे नुकसान बढ़ गया। अभी तक सभी पटाखों को पूरी तरह निष्क्रिय नहीं किया जा सका है।