INDIA Alliance Meeting : नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार को INDIA ब्लॉक की 7वीं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब 25 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। यह बैठक लगभग दो साल बाद हुई, जिसमें देश की राजनीति से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सुप्रिया सुले और कपिल सिब्बल समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। वहीं उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
5 प्रमुख मुद्दों पर सभी दलों में सहमति
बैठक के बाद खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि करीब दो घंटे से अधिक चली इस बैठक में 5 प्रमुख मुद्दों पर सभी दलों के बीच सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चिंता जताई गई है।
NEET और CBSE परीक्षाओं में गड़बड़ी
खड़गे ने आरोप लगाया कि NEET और CBSE परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है और इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को जिम्मेदार माना जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया में बड़ी संख्या में वोटरों के नाम हटाए गए हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
CJI को लिखेंगे पत्र
विपक्षी गठबंधन ने तय किया है कि इस मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखा जाएगा। इसके अलावा महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की जाएगी।
हर दो महीने में बैठक होगी
बैठक में यह भी तय हुआ कि INDIA ब्लॉक हर दो महीने में बैठक करेगा और संसद के मानसून सत्र के दौरान रोज सुबह समन्वय बैठक होगी। अगली बड़ी बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में होगी। वहीं राजनीतिक तनाव के बीच दिल्ली में पोस्टर विवाद भी सामने आया, जहां राहुल गांधी के खिलाफ लगे कुछ पोस्टर यूथ कांग्रेस द्वारा फाड़ दिए गए।
INDIA ब्लॉक से पिछले कुछ वर्षों में JDU, AAP और DMK जैसी बड़ी पार्टियां अलग हो चुकी हैं, जिससे गठबंधन की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। इसके बावजूद नेताओं का कहना है कि वे विपक्षी एकता को मजबूत करने की कोशिश जारी रखेंगे।