Nitin Gadkari Statement : उत्तर प्रदेश। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दौरान भविष्य की परिवहन परियोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस मौके पर उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि भविष्य में देश में हवा में उड़ने वाली बसें भी लाने की योजना है। हालांकि उन्होंने इस परियोजना की समय-सीमा या तकनीकी विवरण साझा नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद लखनऊ से कानपुर की दूरी लगभग 45 मिनट में तय की जा सकेगी।
नई सड़क परियोजनाओं और 3-लेयर कॉरिडोर की घोषणा
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने लगभग 4,850 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक एक तीन मंजिला एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना है।
इस कॉरिडोर में नीचे सामान्य सड़क, बीच में फ्लाईओवर और सबसे ऊपर मेट्रो लाइन होगी। गडकरी ने कहा कि इस परियोजना का भूमि पूजन इसी वर्ष दिसंबर से पहले करने का लक्ष्य है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा फोकस
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले दो वर्षों में लगभग 5 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि मजबूत सड़क नेटवर्क से निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में 50 से 60 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को बेहतर सड़क नेटवर्क के जरिए देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की बात कही।
उन्होंने कहा- मैं हवा में उड़ने वाली बस भी लाने वाला हूं। किसान पथ पर सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। इसके डिजाइन योगी आदित्यनाथ और राजनाथ सिंह को दिखाकर अंतिम रूप दिया जाएगा। लखनऊ में कार्यक्रम के समापन के बाद नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया आभार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे सहित कई सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करीब 9 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं प्रदेश के परिवहन नेटवर्क को नई गति देंगी और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।