UP में मेरठ 'ड्रमकांड' के बाद उन्नाव 'बक्साकांड', सिलबट्टे से कूचने के बाद पति का गला घोंटा; आरोपी पत्नी आशिक के साथ भागी
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के 'मेरठकांड' के बाद अब उन्नाव का 'बक्साकांड' सामने आया है। यहां आरोपी पत्नी ने अपने पड़ोसी प्रेमी के साथ मिलकर पति की निर्ममता से हत्या कर दी। आरोपी महिला ने पहले सिलबट्टे से अपने पति का सिर कुचल दिया, फिर गला घोंट दिया। इसके बाद शव को एक बक्से में बंद करके हाईवे पर सड़क किनारे फेंक दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
हाईवे किनारे पड़े बक्से से खुला मामला
20 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि उन्नाव-रायबरेली हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के सामने एक बड़ा लोहे का बक्सा संदिग्ध हालत में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बक्सा खुलवाया। उसके अंदर चादर और कंबल में लिपटा एक व्यक्ति का शव मिला।
शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान करने और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की। मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या और सबूत छिपाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज में दिखाई दिया लोडर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें बनाईं। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV और वाहन नंबर पहचानने वाले कैमरों की फुटेज देखी गई। जांच के दौरान एक छोटा मालवाहक वाहन, जिसे आम तौर पर 'छोटा हाथी' कहा जाता है, संदिग्ध नजर आया।
फुटेज में वाहन बक्सा लेकर घटनास्थल की ओर आता और बाद में खाली लौटता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की। इसी कड़ी में पुलिस मृतक की पत्नी नेहा रावत तक पहुंची।
सिलबट्टे से हमला करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नेहा ने बताया कि सोनू शराब पीता था और दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात आरोपी नेहा ने पड़ोसी जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल के साथ मिलकर सोनू पर सिलबट्टे के बट्टे से हमला किया। इसके बाद कंबल से उसका मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बक्से में रखा गया। फिर एक लोडर किराए पर लेकर बक्से को हाईवे किनारे पहुंचाया गया। इस काम में तौहीद और एक नाबालिग की मदद लेने का भी आरोप है। पुलिस ने बताया कि लोडर के लिए 1,200 रुपये किराया दिया गया था।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने मामले में नेहा रावत, जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल और तौहीद को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल बट्टा, लोहे का बक्सा और लोडर बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और वाहन से मिले सुरागों की मदद से मामले का खुलासा करीब 12 घंटे में कर लिया गया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।


