BJP कोर कमेटी का मंथन: खड़गे के खिलाफ प्रस्ताव, 3 शहरों में रैलियां और मंत्रियों का बनेगा रिपोर्ट कार्ड
MP BJP की कोर कमेटी ने खड़गे के बयान पर निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में राज्यसभा उपचुनाव, तीन शहरों में रैलियों और सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा हुई।

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में सोमवार को कई राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही राज्यसभा उपचुनाव, सरकार के तीन साल के कामकाज और पार्टी के आगामी अभियानों पर भी विचार किया गया।
खड़गे की टिप्पणी के खिलाफ प्रस्ताव पारित
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि बैठक में खड़गे की टिप्पणी की निंदा की गई। पार्टी ने इस मामले पर अपना विरोध दर्ज कराया है। भाजपा सोशल मीडिया के जरिए भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
तीन शहरों में होंगी बड़ी रैलियां
बैठक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना बनाई गई। इन कार्यक्रमों में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम होंगे।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए 4 से 5 नामों पर चर्चा
राज्यसभा की रिक्त सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी विचार किया गया। बैठक में चार से पांच नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनी। उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
सरकार के कामकाज का बनेगा रिपोर्ट कार्ड
मध्य प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर मंत्रियों, विधायकों और विभागों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने पर चर्चा हुई। इसके जरिए सरकारी योजनाओं की प्रगति और कामकाज की जानकारी जनता तक पहुंचाने की तैयारी है।
केंद्र की योजनाओं और बिरसा मुंडा जयंती पर भी चर्चा
बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए मंत्रियों और विभागों के बीच तालमेल मजबूत करने पर भी विचार किया गया। वहीं, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
सोशल मीडिया अभियान को किया जाएगा तेज
भाजपा डिजिटल माध्यमों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी की सोशल मीडिया कार्यशाला में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को डिजिटल अभियानों के संचालन और आपसी समन्वय को बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाना है।

