MP Rain Alert : मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; भोपाल में स्कूल छुट्टी
MP Rain Alert : कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी बढ़ गई है। 21 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
MP Rain Alert : भोपाल। मध्य प्रदेश में लंबे समय से कमजोर बारिश के बाद अब मौसम ने करवट ली है। प्रदेश में बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय है। राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में रात से तेज बारिश हो रही है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी बढ़ गई है। प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में अति भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर करीब 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
इन जिलों में भी तेज बारिश के आसार
उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में करीब 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
भोपाल में रातभर होती रही तेज बारिश
राजधानी भोपाल में रात से बारिश का दौर जारी है। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। कोलार क्षेत्र के कई अपार्टमेंट के बेसमेंट में बारिश का पानी पहुंच गया। इससे रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। बेसमेंट में बिजली का करंट फैलने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुराने भोपाल में भी जलभराव
पुराने भोपाल के कई इलाकों में बारिश का पानी घरों तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। शहर की कई सड़कों और निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है। लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के बीच स्कूलों में छुट्टी
भोपाल में भारी बारिश को देखते हुए आज सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।