MP CM Announcement : सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान! 9 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा, खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
MP CM Announcement : CM ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, पोषण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
MP CM Announcement : भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अगस्त देश की आजादी का गौरवशाली महीना है और सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में युवाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री के अनुसार तिरंगा यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और आजादी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी। यह बात उन्होंने राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कही।
खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, पोषण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने आधुनिक तकनीकों को अपनाने और ओलंपिक, एशियाई खेलों तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन और पुरस्कार की व्यवस्था जल्द तय करने को कहा। साथ ही ऐसे खिलाड़ियों को शासकीय सेवा और आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी तेज करने के निर्देश दिए।
मल्लखंभ अकादमी, खेल परिसर और नई अधोसंरचना पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों के पास खेल परिसर विकसित करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभिन्न विभागों के समन्वय से खेल सुविधाओं का विस्तार करने, निर्माणाधीन खेल परिसरों में हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित करने और केंद्र सरकार से अधिक खेल अनुदान प्राप्त करने के प्रयास तेज करने पर भी जोर दिया।
हर जिले में खेल प्रतिभाओं के अनुसार होगा विकास
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन खेल परिसरों के लिए भूमि आवंटन लंबित है, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए। खेल विभाग में अधोसंरचनाओं की निगरानी के लिए सिविल विंग और परियोजना प्रबंधन इकाई (पीएमयू) बनाने की संभावना पर भी काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का विश्लेषण कर प्रत्येक जिले में उसी खेल की सुविधाएं विकसित की जाएं, जिसमें वहां के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही कॉरपोरेट क्षेत्र के सहयोग से खेल अधोसंरचना विकसित करने के मॉडल पर भी काम करने के निर्देश दिए।