CM ने संदीपनी कन्या विद्यालय की छात्राओं से किया संवाद, बोले- बच्चों पर निवेश से बनेगा सक्षम भारत
CM Sandeepani School Visit : मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
CM Sandeepani School Visit : भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित कमला नेहरू संदीपनी कन्या विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया और करीब एक घंटे तक छात्राओं तथा शिक्षकों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य देना है।
विद्यालय में शिक्षा और नेतृत्व विकास की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि विद्यालय में विद्यार्थी कैबिनेट भी संचालित की जा रही है।
इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षा पर निवेश को बताया भविष्य की सबसे बड़ी ताकत
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार आज बच्चों की शिक्षा पर जो निवेश कर रही है, वही आगे चलकर विकसित और सक्षम भारत की नींव बनेगा। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या अब लगभग शून्य के स्तर पर पहुंच गई है।
साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य की मेरिट सूची में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन यह साबित करता है कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
बच्चों के लिए परिवहन और नए संदीपनी विद्यालयों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने स्कूल और कॉलेज आने-जाने हेतु बस सुविधा उपलब्ध कराई है। उनके अनुसार मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है, जहां विद्यार्थियों के लिए सरकारी स्तर पर परिवहन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संदीपनी विद्यालयों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
हाल ही में 60 नए संदीपनी विद्यालयों का भूमि पूजन किया गया है। इन विद्यालयों की स्थापना ग्रामीण, आदिवासी और अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों सहित सभी इलाकों में की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों के सम्मेलन पर भी रखी बात
मुख्यमंत्री ने ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों के सम्मेलन का स्वागत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की धरती अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए दुनिया भर में जानी जाती है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति "वसुधैव कुटुंबकम" के विचार पर आधारित है, जिसमें कला, संगीत, साहित्य और परंपराओं का विशेष महत्व है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भोपाल में आयोजित हो रहे ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों के सम्मेलन से दुनिया के कई देशों को भारतीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से भारत और मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।
