Lucknow Vikas Nagar Fire : उत्तर प्रदेश। लखनऊ के विकासनगर इलाके में बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि 30 से ज्यादा गैस सिलेंडर फट गए और करीब 250 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए आसपास के करीब 20 से 30 मकानों को खाली कराया गया।
तीन घंटे के बाद बुझी आग
फायर ब्रिगेड की करीब 20 से 22 गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पूरे इलाके की बिजली भी काट दी गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, जिससे आग और ज्यादा फैल गई।
चार बच्चों की मौत का दावा
इस हादसे में एक युवक ने अपने चार बच्चों की मौत का दावा किया है। वहीं, छह बच्चे लापता बताए गए थे, जिनमें से आयुषी और स्वाती नाम की दो बच्चियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के दौरान भगदड़ मच गई थी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
रिंग रोड किनारे अवैध बस्ती में आग
बताया जा रहा है कि विकासनगर सेक्टर-12 स्थित रिंग रोड किनारे अवैध बस्ती में यह आग लगी थी, जहां वर्षों से लोग झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। आग एक झोपड़ी में लगी और देखते ही देखते करीब 1200 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ियों में रखे करीब 100 गैस सिलेंडर भी एक के बाद एक फटने लगे, जिससे आग और भयावह हो गई।
प्लॉट मालिक के घर का घेराव
आग के बाद नाराज लोगों ने प्लॉट मालिक के घर का घेराव कर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि वह कुछ दिनों से झोपड़ियां हटाने का दबाव बना रहा था और उसी ने आग लगवाई। कुछ लोगों ने पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया।
दो किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर गाड़ियां रोककर वीडियो बनाने लगे, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और रिंग रोड व खुर्रम नगर इलाके में करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दमकल की गाड़ियां भी बुद्ध बाजार क्षेत्र में फंस गईं, जिन्हें बाद में पुलिस ने रास्ता खाली कराकर आगे बढ़ाया।
Noida Labour Protest Update : नोएडा में फिर बवाल.. पुलिस वाहनों पर पत्थरबाजी, NCR में हाई अलर्ट
आग में 50 मवेशी जिंदा जले
आग में करीब 50 मवेशियों के जिंदा जलने की भी सूचना है, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना में पुलिस और सिविल डिफेंस के कुछ लोग भी घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए रहने और भोजन की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
साथ ही, पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की बात कही है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।