Pune Minor Rape : महाराष्ट्र। पुणे में 4 साल की मासूम से रेप किया फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने 65 साल के आरोपी भीमराव कांबले को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएगी और अपराधी के लिए फांसी की मांग करेगी।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची पुणे के भोर तहसील में रहने वाली अपनी नानी के यहां गर्मी की छुट्टियां बिताने आई थी। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे आरोपी भीमराव कांबले बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के पास बने तबेले में ले गया। वहां बच्ची से रेप किया। और पकडे जाने के डर से आरोपी ने बच्ची को पत्थर से कुचलकर मार डाला।
परिजनों ने शुरू की तलाश
बच्ची जब काफी देर तक तबेले से वापस नहीं आई तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की। आस-पास पूछताछ करने पर कुछ लोगों ने बच्ची को तबेले के पास जाते हुए देखा। इसके बाद जब तबेले में देखा तो बच्ची का शव मिला। जिसे पत्थर से कई बार कुचला गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की। इस दौरान आरोपी बच्ची को तबेले में जाते हुए देखा गया। पुलिस ने तुरंत भीमराव कांबले को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी (एसपी) नेता अनिल देशमुख ने मामले में आरोपी के लिए फांसी और मामला की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की थी।इसके बाद महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएगी और अपराधी के लिए फांसी की मांग करेगी।
क्या बोलीं सुप्रिया सुले
एनसीपी (एसपी) नेता और सांसद सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने आरोपी को कठोर से कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को कलंकित करने वाली है।
लोगों में भारी गुस्सा
शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना NC ने कहा कि इस दरिंदगी समाज के लिए बड़ा सवाल खड़ा करती है। इस घटना को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि एक मासूम के खिलाफ सबसे क्रूर अत्याचार है।
मुंबई- बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम
घटना के बाद गांव के लोगों ने शुक्रवार रात विरोध प्रदर्शन किया और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।