MP Cabinet Meeting : भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार की अहम कैबिनेट बैठक मंगलवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होगी। सरकार की इस बैठक पर प्रदेश के विभिन्न विभागों और कर्मचारियों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसलों पर अंतिम मुहर लग सकती है।
स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति 2026 को मिल सकती है मंजूरी
बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े बड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति 2026 को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। इस नीति का उद्देश्य प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना और निजी निवेश को बढ़ावा देना है।
सरकार का फोकस ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा। यदि इस नीति को मंजूरी मिलती है तो स्वास्थ्य क्षेत्र में नए निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
ट्रांसफर अवधि बढ़ाने पर हो सकता है फैसला
कैबिनेट बैठक में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से जुड़ा मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। चर्चा है कि ट्रांसफर अवधि को बढ़ाने को लेकर सरकार कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।
इससे उन कर्मचारियों को राहत मिलने की संभावना है, जो अभी तक स्थानांतरण प्रक्रिया का लाभ नहीं ले पाए हैं। इस फैसले का असर विभिन्न विभागों के प्रशासनिक कामकाज पर भी पड़ सकता है।
खाद आपूर्ति और अन्य मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक में प्रदेश में खाद की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा भी की जा सकती है। किसानों की जरूरतों को देखते हुए सरकार खाद वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विचार कर सकती है। इसके अलावा कई अन्य विभागीय प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखे जा सकते हैं। बैठक के बाद सरकार की ओर से लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।