Hamidia Hospital Theft : मध्य प्रदेश। राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में एक बड़ी चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरों ने विभाग का ताला तोड़कर लाखों रुपये के भारी-भरकम उपकरण चुरा लिए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्या-क्या चुराया?
चोरों ने विभाग के भीतर से करीब तीन क्विंटल वजनी सामान निकाल लिया। चोरी के सामान में शामिल हैं:
- 500 mA एक्सरे मशीन का पावर पैनल
- कंट्रोल पैनल (लगभग 80 किलो)
- ट्रांसफॉर्मर (लगभग 1 क्विंटल)
- 40 मीटर लंबी कॉपर केबल
- तीन पंखे
- 5 सीटर लोहे की वेटिंग चेयर
- एसी का आउटडोर यूनिट
Bhopal Toxic Air : 2018 के 21 हॉटस्पॉट आज भी जहरीले, 197 करोड़ खर्च के बाद भी प्रदूषण का स्तर दोगुना
18 घंटे में अंजाम दी वारदात
पुलिस के अनुसार चोरी 15 अप्रैल दोपहर 3 बजे से 16 अप्रैल सुबह 9 बजे के बीच हुई। कर्मचारियों ने 15 अप्रैल को काम खत्म कर कमरा बंद किया था। अगले दिन सुबह जब इंजीनियर के साथ रेडियोग्राफर पहुंचे तो मेन शटर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान गायब था।
हैरानी की बात यह है कि चोरों ने शातिराना तरीके से पहले बिजली की सप्लाई बंद की, फिर मोटी वायरिंग काटी और भारी उपकरण निकालकर ले गए। इससे साफ है कि चोरों को मशीनों की तकनीकी जानकारी थी।
अस्पताल प्रशासन पर सवाल
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही निजी एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। इतने भारी सामान को 18 घंटे में निकाल लिया गया, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
Census 2026 Scam Alert: जनगणना के नाम पर ठगी से सावधान, भोपाल प्रशासन ने जारी की चेतावनी
पुलिस ने दर्ज की FIR
अस्पताल प्रशासन ने पहले आंतरिक जांच की, फिर 21 अप्रैल को कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई। गांधी मेडिकल कॉलेज के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के HOD के हस्ताक्षर से शिकायत भेजी गई थी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ BNSS की धारा 331(4) और 305(A) के तहत FIR दर्ज कर ली है। यह हमीदिया अस्पताल में कोविड काल के दौरान रेमेडेसिविर इंजेक्शन चोरी के बाद दूसरी बड़ी चोरी है।