Abhishek Banerjee : कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार तड़के उस समय हलचल मच गई, जब पुलिस की एक बड़ी टीम तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और तलाशी शुरू की।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई देर रात करीब ढाई बजे शुरू हुई। मौके पर शालबनी थाना पुलिस, कोलकाता पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान मौजूद थे। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
TMC नेता की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस की यह कार्रवाई एक स्थानीय तृणमूल नेता की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय पर टिकट दिलाने के नाम पर कथित वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम मौके तक पहुंची थी।
करीब पांच घंटे चली तलाशी
पुलिस ने तड़के घर में प्रवेश करने के बाद कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक टीम सुबह तक घर के भीतर जांच करती रही और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाती रही।
खबर मिलते ही पहुंचीं ममता बनर्जी
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) सीधे अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंचीं। उनके पहुंचने के बाद इलाके में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गईं।
अभिषेक ने जताई नाराजगी
तलाशी अभियान को लेकर अभिषेक बनर्जी ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पुलिस ने घर का ताला तोड़कर तलाशी ली। उन्होंने दावा किया कि पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है और उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है।
पहले से कई मामलों में जांच का सामना कर रहे हैं अभिषेक
अभिषेक बनर्जी हाल के दिनों में कई जांचों का सामना कर रहे हैं। फर्जी हस्ताक्षर मामले में उनसे हाल ही में लंबी पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा उन्हें अलग-अलग मामलों में जांच एजेंसियों के सामने भी पेश होना है। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं।