Bengal Voting Percentage : कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान के दौरान जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोपहर 3 बजे तक जहां 78.68% मतदान हुआ था, वहीं शाम 5 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 89.99% पहुंच गया। भारी संख्या में मतदाता बूथों पर पहुंचे और कई जगह लंबी कतारें नजर आईं।
CRPF पर गंभीर आरोप
हालांकि मतदान के बीच राजनीतिक माहौल भी काफी गरम रहा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने केंद्रीय सुरक्षा बल CRPF पर गंभीर आरोप लगाए। कोलकाता में उन्होंने कहा कि कई बूथों पर बंगाल पुलिस नहीं है और CRPF ने सब कुछ कब्जे में ले लिया है।
ममता ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, वोटरों के साथ मारपीट हुई और महिलाओं-बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों को सीमा की रक्षा करनी चाहिए, न कि किसी पार्टी की।
भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
दूसरी ओर भाजपा ने भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। पार्टी ने दावा किया कि डायमंड हार्बर के फालता क्षेत्र में EVM में BJP के बटन पर टेप लगाकर उसे ब्लॉक किया गया। इस पर चुनाव आयोग ने कहा कि अगर शिकायत सही पाई गई तो संबंधित बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
पूर्वी बर्धमान में बम की सूचना
पूर्वी बर्धमान जिले के बिरुरी इलाके में एक प्राथमिक स्कूल के पास बम मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि बूथ नंबर 35 से 200-300 मीटर दूर एक संदिग्ध बैग पड़ा है।
#WATCH | Biruri, Purba Bardhaman: On the information of a bomb found near Biruri Primary School, Investigation Officer Binoy Kumar Ghosh says, “At 9:30 AM, we received a phone call that a bomb was found 200-300 meters from booth number 35. Our team reached the spot. A bag was… https://t.co/uu4Ek1jKvn pic.twitter.com/Uw6ARiwRBg
— ANI (@ANI) April 29, 2026
मौके पर पहुंचने पर बैग में बम बरामद हुए। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDDS) को बुलाया गया, जिसने बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बम वहां कैसे पहुंचे।
भवानीपुर सीट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
भवानीपुर सीट पर भी हाई-वोल्टेज सियासी ड्रामा देखने को मिला। यहां ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) को एक बूथ पर TMC समर्थकों ने घेर लिया और “चोर-चोर” के नारे लगाए।
ये बड़े चेहरे मैदान में
इस चरण में कई दिग्गज नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (भबानीपुर), विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी (भबानीपुर), राज्य मंत्री सुजीत बोस (बिधाननगर), फिरहाद हकीम (कोलकाता पोर्ट), ज्योतिप्रिया मल्लिक (हावड़ा), ब्रात्य बसु (दम दम), सोवंदेब चट्टोपाध्याय (बालीगंज) और बीजेपी के अर्जुन सिंह (नोआपाड़ा), स्वपन दासगुप्ता (राशबिहारी), रूद्रनील घोष (शिबपुर) शामिल हैं।
सीपीआई(एम) की मीनाक्षी मुखर्जी (उत्तरपाड़ा), दीप्सिता धर (दम दम उत्तर), कलातन दासगुप्ता (पानीहाटी) और आईएसएफ के नौशाद सिद्दीकी (भांगर) भी चुनावी मैदान में हैं।
गौरतलब है कि जिन 142 सीटों पर मतदान हुआ, उनमें से 123 सीटों पर 2021 में TMC ने जीत दर्ज की थी। पहले चरण में 152 सीटों पर 93% रिकॉर्ड मतदान हुआ था। अब पूरे राज्य की नजरें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

