MP Video Viral : मध्य प्रदेश। भोपाल के कमला नगर इलाके में वर्चस्व की लड़ाई का खौफनाक मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक का कथित तौर पर अपहरण किया, फिर उसे निर्वस्त्र कर बेल्ट, लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। पीड़ित रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी लगातार हमला करते रहे। घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड भी किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सोशल मीडिया पर वायरल किया वीडियो
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला। वीडियो का मकसद इलाके में डर का माहौल बनाना बताया जा रहा है। पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद जांच तेज कर दी है।
पहले कमला नगर, फिर हनुमानगंज थाने पहुंचा मामला
पीड़ित ने रविवार को कमला नगर थाने पहुंचकर शिकायत दी थी। शुरुआती जांच में घटनास्थल दूसरे थाना क्षेत्र का निकलने पर केस हनुमानगंज पुलिस को भेजा गया। मंगलवार देर रात वहां मामला दर्ज किया गया। घटना शनिवार की बताई जा रही है।
पुलिस बोली- बयान के आधार पर केस दर्ज
हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि कुछ गंभीर आरोप शुरुआती बयान में सामने नहीं आए थे, जिनकी अब जांच की जा रही है।
आरोपी हाल ही में जेल से छूटे
पुलिस के अनुसार इस मामले में प्रेम थापा, गट्टू पिस्टल और एक नाबालिग का नाम सामने आया है। तीनों कमला नगर थाना क्षेत्र के बदमाश बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक तीनों हाल ही में जेल या बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आए थे।
बस स्टैंड बुलाकर की वारदात
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक को बहाने से नादरा बस स्टैंड बुलाया, जहां उसे पकड़कर सुनसान जगह ले जाया गया। वहां कपड़े उतरवाकर मारपीट की गई और धारदार हथियार से भी हमला किया गया।
गैंगवार और वर्चस्व की आशंका
पुलिस जांच में यह मामला गैंगवार और आपसी वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा माना जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पीड़ित भी एक आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है।
Ghaziabad Fire : 15 मंजिला बिल्डिंग में लगी भयंकर आग, 4 फ्लोर चपेट में; दमकल की कई गाड़ियां मौजूद
आरोपी फरार, दबिश जारी
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना राजधानी भोपाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, खासकर तब जब अपराधी खुलेआम वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।