PM Modi in Kashi Vishwanath Temple : वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बुधवार को अपने काशी दौरे के दौरान बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पांच पंडितों ने पूजा कराई, माला पहनाई और त्रिपुंड लगाकर उनका स्वागत किया।
108 बटुकों ने किया भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी जब काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे तो मंदिर गेट पर 108 बटुकों ने शंखनाद के साथ उनका स्वागत किया। पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। पीएम ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।
Ghaziabad Fire : 15 मंजिला बिल्डिंग में लगी भयंकर आग, 4 फ्लोर चपेट में; दमकल की कई गाड़ियां मौजूद
पूजा के बाद त्रिशूल और डमरू भेंट
मंदिर से बाहर निकलने के बाद भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री को त्रिशूल और डमरू भेंट किया। पीएम मोदी ने त्रिशूल हाथ में लेकर लहराया, जिसे देखकर समर्थकों में उत्साह और बढ़ गया। मेयर ने डमरू और नेताओं ने स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
14 किलोमीटर लंबा रोड शो
प्रधानमंत्री मोदी 14 किलोमीटर लंबे रोड शो के जरिए मंदिर पहुंचे थे। रास्ते भर लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। कई जगह भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर नाचते नजर आए। पीएम ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया, हालांकि वे कहीं रुके नहीं।
बच्चों से भी मिले पीएम मोदी
मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री बच्चों से भी मिले और उनसे बातचीत की। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
11 साल में 54वां काशी दौरा
प्रधानमंत्री का पिछले 11 वर्षों में यह 54वां काशी दौरा रहा। हालांकि साल 2026 में यह उनका पहला दौरा है। इससे पहले वे नवंबर 2025 में काशी आए थे।
पहले दिन 6350 करोड़ की परियोजनाएं दीं
काशी दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने 6,350 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। साथ ही नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में शामिल होकर महिलाओं को संबोधित भी किया।
अब हरदोई रवाना
काशी दौरे के बाद प्रधानमंत्री हरदोई के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा।



