Bengal Election Violence : कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक 39.97% वोटिंग दर्ज की गई। लेकिन मतदान के बीच कई जिलों से हिंसा, EVM खराबी, फर्जी वोटिंग और नेताओं के आमने-सामने आने की खबरों ने चुनावी माहौल गरमा दिया है।
भबानीपुर में ममता-शुभेंदु आमने-सामने
सबसे बड़ा हाई वोल्टेज ड्रामा भबानीपुर सीट पर देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी एक ही मतदान केंद्र के बाहर पहुंच गए। इससे इलाके में तनाव बढ़ गया। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी अपने साथ बड़ी संख्या में लोगों को लेकर पहुंचीं ताकि डर का माहौल बनाया जा सके।
BJP का आरोप- EVM में बटन ब्लॉक
भाजपा ने डायमंड हार्बर के फाल्टा इलाके में आरोप लगाया कि EVM में भाजपा का बटन टेप लगाकर ब्लॉक कर दिया गया। चुनाव आयोग के सूत्रों ने कहा कि शिकायत सही पाई गई तो संबंधित बूथ पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
बारानगर में 5 बार बदली EVM
बारानगर के बूथ नंबर 72 पर EVM खराबी के कारण मतदान रोकना पड़ा। नाराज मतदाताओं का कहना है कि मशीन को पांच बार बदला गया, लेकिन वोटिंग शुरू नहीं हो सकी। कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद लौटने लगे।
Bengal Voting 2026 : हावड़ा में मतदान के दौरान EVM खराब होने से हंगामा, 2 गिरफ्तार
उम्मीदवार की कार पर हमला
साउथ 24 परगना जिले में भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार ने आरोप लगाया कि TMC समर्थकों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके सुरक्षाकर्मी की बंदूक छीनने की कोशिश की गई।
खानकुल में TMC-ISF समर्थकों में मारपीट
हुगली जिले के खानकुल में नकली पोलिंग एजेंट बैठाने को लेकर TMC और ISF समर्थकों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है।
भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने लगाए गंभीर आरोप
पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने कहा कि बूथ के बाहर TMC कार्यकर्ताओं ने उनका घेराव किया और बाहर नहीं निकलने देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग महिला की मदद की बात कहने पर उन पर हमला किया गया।
फर्जी वोट डालने की कोशिश नाकाम
डायमंड हार्बर के रायनगर में वोटरों ने एक युवक को कथित तौर पर नकली वोट डालते पकड़ लिया। आरोपी शेख अली हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा ने इस मामले में चुनाव आयोग को शिकायत दी है।
ये बड़े चेहरे मैदान में
इस चरण में कई दिग्गज नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (भबानीपुर), विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी (भबानीपुर), राज्य मंत्री सुजीत बोस (बिधाननगर), फिरहाद हकीम (कोलकाता पोर्ट), ज्योतिप्रिया मल्लिक (हावड़ा), ब्रात्य बसु (दम दम), सोवंदेब चट्टोपाध्याय (बालीगंज) और बीजेपी के अर्जुन सिंह (नोआपाड़ा), स्वपन दासगुप्ता (राशबिहारी), रूद्रनील घोष (शिबपुर) शामिल हैं। सीपीआई(एम) की मीनाक्षी मुखर्जी (उत्तरपाड़ा), दीप्सिता धर (दम दम उत्तर), कलातन दासगुप्ता (पानीहाटी) और आईएसएफ के नौशाद सिद्दीकी (भांगर) भी चुनावी मैदान में हैं।
Ghaziabad Fire : 15 मंजिला बिल्डिंग में लगी भयंकर आग, 4 फ्लोर चपेट में; दमकल की कई गाड़ियां मौजूद
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दूसरे चरण के मतदान के लिए 41,001 बूथ बनाए गए हैं। 2,321 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात की गई हैं। ड्रोन कैमरों और वेबकास्टिंग से निगरानी की जा रही है। बता दें कि, इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया था। बंगाल में हिंसक झड़प के बीच 142 सीटों पर मतदान जारी है।